लखनऊ वनडे में रोहित शर्मा पर नजरें: टीम के गेंदबाजी कोच बहुतुले बोले- वे सिर्फ क्लास बैटर ही नहीं, बेहतरीन लीडर भी
Published:
2 min read

39 साल के रोहित शर्मा के लिए हर मैच अहम माना जा रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क.भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत फिलहाल सीरीज में 1-0 से आगे है और इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगा। ये मैच रोहित शर्मा के लिए भी खास माना जा रहा है, वापसी के बाद बड़ी पारी खेलने के इरादे से मैदान में उतरेंगे।
रोहित ने पहले मैच में 16 रन बनाए थे
धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में रोहित शर्मा की वापसी हुई थी। करीब छह हफ्तों तक हैमस्ट्रिंग चोट से जूझने के बाद उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास किया और टीम में जगह बनाई। हालांकि उनकी पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। रोहित ने 16 गेंदों पर 16 रन बनाए, लेकिन शुभमन गिल के साथ गलतफहमी के चलते रन आउट हो गए।
बारिश की वजह से 25 ओवर के इस मैच को भारत ने सात विकेट से जीत लिया था। अब लखनऊ में पूरे 50 ओवर का मैच होने की उम्मीद है और रोहित के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा। 39 साल के रोहित शर्मा के लिए हर मैच अहम माना जा रहा है। टीम मैनेजमेंट साफ कर चुका है कि 2027 विश्व कप में किसी खिलाड़ी को सिर्फ नाम के आधार पर जगह नहीं मिलेगी। ऐसे में रोहित लगातार अच्छे प्रदर्शन से अपनी जगह मजबूत करना चाहेंगे।
भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने रोहित की तारीफ करते हुए कहा कि वह सिर्फ शानदार बल्लेबाज ही नहीं बल्कि बेहतरीन लीडर भी हैं। रोहित टीम के लिए बेहद खास खिलाड़ी हैं और आज भी उतनी ही मेहनत करते हैं जैसे कोई नया खिलाड़ी अपने करियर की शुरुआत कर रहा हो।

भारत के पास सीरीज जीतने का मौका
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही क्रिकेट सीरीज में एकमात्र टेस्ट मैच के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज शामिल है। भारतीय टीम फिलहाल वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है। भारत ने पहला वनडे मुकाबला जीतकर सीरीज में शानदार शुरुआत की थी। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीत हासिल कर भारत सीरीज अपने नाम करना चाहेगा, जबकि अफगानिस्तान की टीम सीरीज में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी।

