फिटनेस टेस्ट में पास हुए रोहित शर्मा: एशिया कप से पहले शुभमन गिल और बुमराह समेत कई प्लेयर्स ने भी दिया टेस्ट; कोहली शामिल नहीं रहे
Published:
3 min read

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने पहले ही टी20 इंटरनेशनल के साथ टेस्ट क्रिकेट से भी रिटायरमेंट ले लिया है। वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा, टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह समेत कुछ भारतीय प्लेयर्स ने प्री-सीजन फिटनेस टेस्ट दिया। यह टेस्ट बेंगलुरु स्थिति BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हुआ, जिसमें सभी पास हुए। इस दौरान सभी प्लेयर्स का Yo-Yo और डेक्सा टेस्ट हुआ। डेक्सा स्कैन में हड्डियों की डेंसिटी की जांच होती है।
इस टेस्ट में विराट कोहली शामिल नहीं हुए। वे फैमिली के साथ लंदन में हैं। दूसरी ओर गिल, बुमराह और जितेश शर्मा को एशिया कप 2025 के लिए UAE रवाना होना है। टीम 4 सितंबर को दुबई पहुंच जाएगी। टी20 फॉर्मेट में होने वाले एशिया कप के लिए गिल को उपकप्तान बनाया गया है।
बीमारी के कारण गिल को देना पड़ा टेस्ट
गिल हाल ही में बीमार हुए थे। इसी कारण उन्हें फिटनेस टेस्ट देना पड़ा। वे दिलीप ट्रॉफी भी नहीं खेल सके। यदि खेलते तो टेस्ट नहीं देना पड़ता। गिल को दिलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन का कप्तान बनाया गया था।
मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर ने भी फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। यशस्वी और सुंदर को एशिया कप के लिए स्टैंडबाई में रखा गया है। स्टैंडबाई में 5 प्लेयर्स हैं, जो टीम के साथ दुबई नहीं जाएंगे।
कुछ दिन और CeO में रुकेंगे रोहित शर्मा
हिटमैन रोहित और कोहली ने पहले ही टी20 इंटरनेशनल के साथ टेस्ट क्रिकेट से भी रिटायरमेंट ले लिया है। वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। इस कारण रोहित को टेस्ट देना पड़ा, जबकि कोहली नदारत रहे। भारतीय टीम नवंबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी। इसमें रोहित-कोहली की वापसी हो सकती है।
रिपोर्ट्स की मानें तो रोहित ट्रेनिंग के लिए कुछ दिन और CoE में रुक सकते हैं। एशिया कप के स्क्वॉड में शामिल अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव को फिटनेस टेस्ट देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वे दिलीप ट्रॉफी खेल रहे हैं।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

