रोहित के रिटायरमेंट की खबरों पर गंभीर का मजाक: हिटमैन से बोले- फेयरवेल मैच था क्या? एक फोटो तो क्लिक करवा लो; वीडियो हो रहा वायरल
Published:
2 min read

मैच के बाद जब टीम इंडिया होटल में वापस आ रही थी। तब गौतम गंभीर ने उनके साथ यह मजाक किया। इस दौरान शुभमन गिल भी मौजूद थे। वह भी कोच गंभीर की इस टिप्पणी पर ठहाके लगाते दिखे।
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में रोहित शर्मा महज 8 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद उनकी फॉर्म पर सवाल उठने लगे थे। कुछ फैंस तो यह तक कह रहे थे कि शायद रोहित अब वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने वाले हैं। लेकिन सीरीज के दूसरे ही मुकाबले में उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी को चुप कर दिया। एडिलेड वनडे में उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में 73 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी की बदौलत टीम इंडिया 250 के पार पहुंचने में कामयाब रही।
रोहित की इस लाजवाब पारी से टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर बेहद खुश नजर आए। मैच के बाद तो उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया जो अब सुर्खियां बटोर रहा है। गौतम गंभीर ने रोहित के फेयरवेल की खबरों पर मजाक करते हुए कहा- रोहित, सबको लग रहा था कि आज तुम्हारा फेयरवेल मैच था, एक फोटो तो लगवा दो।
गंभीर के इस हल्के-फुल्के मजाक पर रोहित भी मुस्कुरा पड़े। शुभमन गिल भी हंसते हुए नजर आए। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फैंस इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब शेयर कर रहे हैं। ड्रेसिंग रूम के माहौल की भी तारीफ की जा रही है। किसी ने लिखा- कप्तान अब भी फॉर्म में है तो किसी ने यह पोस्ट किया- गंभीर का मजाक, लेकिन रोहित का जवाब बल्ले से।
हिटमैन ने ऑस्ट्रेलिया में 1000 रन पूरे किए
रोहित पहले इंडियन बैटर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में एक हजार न पूरे किए हैं। उन्होंने यहां 21 मैच खेले और 1071 रन बनाए। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं। उनके नाम 20 मैचों में 802 रन दर्ज हैं। तीसरे स्थान मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का है। सचिन के नाम 25 मैच में 740 रन हैं।

