रोहित शर्मा फ्लॉप, जीरो पर आउट: पिछले मैच में लगाई थी सेंचुरी; विजय हजारे में कोहली की फिफ्टी
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली इस समय विजय हजारे ट्रॉफी खेल रहे हैं। इसमें दोनों ने सेंचुरी के साथ आगाज किया था, लेकिन दूसरे मैच में रोहित फ्लॉप नजर आए। हिटमैन रोहित शर्मा पहली बॉल पर आउट हुए यानी खाता भी नहीं खोल सके। जबकि कोहली ने दूसरे मैच में फिफ्टी लगाई।
दूसरे मैच में रोहित डक पर आउट
रोहित शर्मा मुंबई और कोहली दिल्ली टीम से खेल रहे हैं। हिटमैन ने पहला मैच सिक्किम के खिलाफ खेला था, जिसमें 155 रनों की पारी खेली थी। हालांकि दूसरे मैच में फ्लॉप हुए। यह मुकाबला उत्तराखंड के खिलाफ हुआ। रोहित शर्मा ओपनिंग में आए थे और पहली ही बॉल पर कैच आउट हुए।
रोहित का विकेट 25 साल के देवेंद्र सिंह बोरा ने लिया। उनकी बॉल पर जगमोहन नागरकोटी ने रोहित का कैच लिया। विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई टीम की कप्तानी शार्दुल ठाकुर संभाल रहे हैं। यह दूसरा मुकाबला जयपुर में खेला गया।
कोहली का दोनों मैच में शानदार प्रदर्शन
दूसरी ओर कोहली ने इस टूर्नामेंट में पहला मैच आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेला था। इस मैच में कोहली ने 131 रनों की पारी खेली थी। जबकि दूसरा मैच गुजरात के खिलाफ हुआ, जिसमें कोहली ने फिफ्टी लगाई। टूर्नामेंट में दिल्ली टीम की कप्तानी विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत संभाल रहे हैं।
दिल्ली और गुजरात के बीच यह मुकाबला बेंगलुरु में हुआ। रोहित-कोहली को देखने के लिए फैन्स की भारी भीड़ स्टेडियम में पहुंची थी। रोहित के जल्दी आउट होने के बाद स्टेडियम खाली होने लगा। फैन्स निराश थे। जबकि कोहली के फैन्स ने एंजॉय किया।
कोहली 77 रन बनाकर आउट
विराट कोहली ने लगातार दूसरा शतक लगाने का मौका गंवा दिया। वे गुजरात के खिलाफ इस मैच में 61 बॉल पर 77 रन बनाकर आउट हुए। विशाल जायसवाल ने उनका विकेट लिया। विकेटकीपर उर्विल पटेल ने उन्हें स्टम्प आउट किया।

