रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबरें गलत: हिटमैन बोले- मेरा काम बैटिंग करना है, लोगों के कहने से फर्क नहीं पड़ता
Published: Updated:
2 min read

रोहित शर्मा लॉर्ड्स में ODI सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय बैटर बने। (फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. लॉर्ड्स में सेंचुरी लगाने के बाद रोहित शर्मा (Rohit sharma) ने अपने रिटायरमेंट को लेकर चल रहे सभी खबरों को गलत बताया है। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे ODI से पहले लगातार रिपोर्ट्स आ रही थीं कि यह उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है। लेकिन मैच के बाद रोहित ने अपने बयान में कहा कि जब तक शोर नहीं होगा तब तक मजा नहीं आएगा। उन्हें इन बातों से फर्क नहीं पड़ता।
BCCI से बातचीत में रोहित ने कहा- मेरा काम बैटिंग करना है। मैदान पर उतरना है और अपने देश को रिप्रेजेंट करना है। डेब्यू के समय से मुझे यही बताया गया था। मैं आगे भी यही करता रहूंगा।

शोर नहीं होगा, तो मजा नहीं आएगा
रोहित ने कहा कि उनके करियर की शुरुआत से ही उनके बारे में बातें होती रही हैं और आगे भी होती रहेंगी, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा- जब से मैंने डेब्यू किया है, तब से कई तरह का शोर होता रहा है। जब तक मैं खेलूंगा, तब तक यह शोर होता रहेगा। अगर शोर नहीं होगा, तो मजा नहीं आएगा। मेरी जॉब मैदान के अंदर है। बाहर क्या हो रहा है, वह दूसरों का जॉब है। रोहित ने कहा कि उनका पूरा फोकस टीम की सक्सेस में कंट्रीब्यूट करने पर रहता है।
बैट से जवाब दिया
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स ODI से पहले रोहित के फ्यूचर को लेकर काफी बात हो रही थी। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यह उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है। लेकिन रोहित ने इन सभी बातों का जवाब अपने बैट से दिया। 388 रन के टारगेट का पीछा करते हुए रोहित ने 110 गेंदों में 138 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और 5 सिक्स लगाए।

लॉर्ड्स में नया रिकॉर्ड बनाया
रोहित शर्मा लॉर्ड्स में ODI सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय बैटर बन गए। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 147 रन और विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रन की पार्टनरशिप की। हालांकि भारतीय टीम 7 विकेट पर 360 स्कोर ही बना सकी और 27 रन से मैच गंवा दिया।

