रोहित शर्मा का ब्रोंको टेस्ट नहीं हुआ: एशिया कप से पहले दुबई में होगा टीम इंडिया का ब्रोंको टेस्ट, सिलेक्शन पर असर नहीं पड़ेगा
Published:
3 min read

शुभमन गिल और रोहित शर्मा समेत बाकी प्लेयर्स ने प्री-सीजन फिटनेस कैम्प में Yo-Yo टेस्ट और डेक्सा स्कैन कराया। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क। ब्रोंको टेस्ट, Yo-Yo और डेक्सा स्कैन जैसे नाम भारतीय क्रिकेट में कुछ समय से काफी चर्चा में हैं। यह प्लेयर्स की फिटनेस जांचने के लिए होने वाले कुछ टेस्ट हैं। हाल ही में रोहित शर्मा, शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह समेत कुछ भारतीय प्लेयर्स का Yo-Yo टेस्ट और डेक्सा स्कैन हुआ है। हालांकि इस दौरान इनका ब्रोंको टेस्ट नहीं हुआ।
यह टेस्ट बेंगलुरु स्थिति BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हुए, जिसमें सभी पास हुए। डेक्सा स्कैन में हड्डियों की डेंसिटी की जांच होती है। इसी बीच जानकारी मिली है कि ब्रोंको टेस्ट एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम का होगा। यह टेस्ट दुबई में कराया जाएगा। हालांकि टेस्ट में पास-फेल से सिलेक्शन पर असर नहीं पड़ेगा।
एशिया कप से पहले होगा ब्रोंको टेस्ट
टीम इंडिया 4 सितंबर को दुबई पहुंच गई है। अगले दिन 5 सितंबर को टीम का पहला प्रैक्टिस सेशन होगा। शायद इसी दौरान यह ब्रोंको टेस्ट लिया जा सकता है।
TOI ने सूत्रों के हवाले से लिखा- जब भारतीय टीम एशिया कप के लिए दुबई पहुंचेगी, तब यह टेस्ट हो सकता है। टीम 4 सितंबर की सुबह रवाना होगी। अगले दिन ICC एकेडमी में फर्स्ट प्रैक्टिस सेशन होगा। यदि टीम मैनेजमेंट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच चाहेंगे तो इसी दौरान ब्रोंको टेस्ट भी ले सकते हैं।
ये सिलेक्शन का क्राइटेरिया नहीं होगा
क्या यह ब्रोंको टेस्ट सिलेक्शन का क्राइटेरिया रहेगा? इस पर सूत्र ने कहा- नहीं यह टेस्ट सिलेक्शन का क्राइटेरिया नहीं होगा, लेकिन सभी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टेड प्लेयर्स के लिए जरूरी रहेगा। साथ ही लंबे ब्रेक के बाद और सीजन शुरू होने से पहले यह टेस्ट देना होगा।
भारतीय टीम के पूर्व स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच सोहम देसाई ने बताया कि जिस व्यक्ति के हाथ में टीम की कमांड होती है, उसके अनुसार फिटनेस टेस्ट बदलते रहते हैं।
बदलता रहता है फिटनेस का पैरामीटर
सोहम ने कहा- पूर्व कप्तान विराट कोहली और पूर्व कोच रवि शास्त्री ने अपने कार्यकाल में फिटनेस टेस्ट को हाई लेवल पर ले जाने के आदेश दिए थे। वे चाहते थे कि टीम बेहतरीन फिटनेस के साथ 2019 वनडे वर्ल्ड कप खेले। इस पर बाकी हाई लेवल के अधिकारी भी सहमत हुए। तब यह सिलेक्शन का क्राइटेरिया बना।
हालांकि बाद में एक साल में 3-3 बार Yo-Yo टेस्ट करवाए जाने लगे थे। यह सभी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टेड प्लेयर्स के लिए जरूरी था, लेकिन फिर यह टेस्ट कभी भी सिलेक्शन का क्राइटेरिया नहीं बना। फिटनेस का पैरामीटर कोच और NCA (अब CoE) में काम करने वाले अधिकारियों के हिसाब से तय होता है।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

