रोहित ने सिडनी को अलविदा कहा: पोस्ट में लिखा- आखिरी बार...; कोच दिनेश बोले- 2027 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास लेंगे
Published:
3 min read

ऑस्ट्रेलिया दौरे से भारत लौटे रोहित शर्मा (@ImRo45)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। सिडनी में खेले गए सीरीज के आखिरी वनडे मैच में उन्होंने शतक भी लगाया। लेकिन मैच के बाद रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसके बाद उनके वनडे से भी संन्यास लेने के कयास लगाए जाने लगे।
रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पुराना ट्विटर) पर सिडनी एयरपोर्ट से अपनी एक तस्वीर पोस्ट की, जिसका कैप्शन था “आखिरी बार, सिडनी से अलविदा।”
क्या है पोस्ट का मतलब
रोहित शर्मा की पोस्ट के बाद उनके वनडे से संन्यास को लेकर अटकलें लगाई जाने लगीं। लेकिन रोहित की पोस्ट का मतलब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दौरे से था। दरअसल, रोहित के कोच ने साफ कर दिया है कि वे 2027 वनडे वर्ल्ड कप के बाद रिटायरमेंट लेंगे। ऐसे में अब दो साल तक ऑस्ट्रेलिया में भारत का कोई भी वनडे दौरा नहीं है।
'रोहित 2027 का वर्ल्ड कप खेलेंगे'
दिनेश लाड ने कहा - यह पल बहुत खास है। काफी लोग कह रहे थे, रोहित कुछ खास परफॉर्मेंस नहीं कर रहे, उन्हें रिटायरमेंट ले लेना चाहिए। लेकिन उन्होंने पिछले दो मैचों में 73 और 121 रन बनाए। रोहित ने साबित कर दिया कि वह अभी भी देश के लिए खेल सकते हैं। उनका सबसे बड़ा राज उनका कॉन्फिडेंस है, इसलिए उन्होंने अभी तक रिटायरमेंट नहीं लिया है। वह 2027 का वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं और उसी के बाद ही रिटायरमेंट लेंगे। वे अभी से ही इसके लिए तैयारी करने में जुटे हुए हैं।
विराट-रोहित के बीच पहले जैसे रिश्ते
विराट कोहली को लेकर भी बहुत सारी बातें हो रही थीं। लेकिन मैंने कहा था, वे भी शानदार प्रदर्शन करेंगे। रोहित और विराट दोनों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैं दोनों खिलाड़ियों को 2027 वर्ल्ड कप खेलते देखना चाहता हूं। कई लोगों ने तो यह तक कहा है कि दोनों के बीच मनमुटाव है, लेकिन यह सच नहीं है। वे बहुत अच्छे दोस्त थे और अब भी हैं।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में कोहली-रोहित का प्रदर्शन
विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया सीरीज के शुरुआती दो वनडे मैचों में खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन तीसरे मैच में 74 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने पहले वनडे में 8 रन बनाए थे, उसके बाद दूसरे मैच में 73 और तीसरे वनडे में 121 रन की नाबाद पारी खेली। रोहित को प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
सिडनी मैच जीते पर सीरीज हारे
भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की सीरीज का आखिरी मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। रोहित और विराट की पार्टनरशिप के बदौलत भारत ने एक विकेट खोकर ही टारगेट को हासिल कर लिया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब 29 अक्टूबर से 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी।

