खराब गेंदबाजी देख रोहित को आया गुस्सा: कृष्णा-हर्षित को डांटा, सोशल मीडिया पर दोनों बॉलर ट्रोल
Published: Updated:
3 min read

खराब बॉलिंग के चलते मैदान पर ही रोहित शर्मा ने प्रसिद्ध कृष्णा को डांटा और सलाह भी दी। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका के खिलाफ रायपुर वनडे में भारतीय टीम को 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी। बुधवार (3 दिसंबर) को हुए इस मैच में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा ने बेहद खराब बॉलिंग की, जिसकी काफी आलोचना हुई। इसी के चलते रोहित शर्मा को गुस्सा भी आया और उन्होंने मैच के दौरान ही दोनों बॉलर्स को जमकर डांटा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कृष्णा-हर्षित ने मैच में काफी रन दिए और प्रेशर बनाए रखने में नाकाम रहे। यह देख पूर्व कप्तान रोहित अपने पुराने अंदाज में लौट आए। उन्होंने कृष्णा-हर्षित को बुलाया और डांटने लगे। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी दोनों बॉलर काफी ट्रोल हुए।
मैदान पर रोहित शर्मा को आया गुस्सा
अफ्रीकी पारी के 37वें ओवर के दौरान मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ एक चौका लगाया। इसके बाद जब ओवर में आखिरी दो गेंद कृष्णा करने वाले थे तो रोहित गेंदबाज के पास गए और उन्हें काफी देर तक समझाया।
दरअसल, रोहित प्रसिद्ध की लाइनलेंथ से खुश नहीं थे। वो लगातार गेंदबाजों के पास जाकर सलाह देते नजर आए। हालांकि सलाह के बाद भी अच्छी गेंदबाजी नहीं की। हर्षित ने 10 ओवर में 70 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 8.5 ओवर किए और 85 रन देकर दो विकेट लिए।

सोशल मीडिया पर कृष्णा-हर्षित ट्रोल हुए
इसके चलते कृष्णा-हर्षित सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाजों को लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है।
हालांकि, दूसरे वनडे में खराब गेंदबाजी का एक बड़ा कारण ओस फैक्टर भी है। खराब फील्डिंग भी हार की वजह बनी। अब यदि भारतीय टीम को सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला जीतना है, तो इन कमियों को सुधारना होगा।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का सेकेंड हाईएस्ट टोटल
दूसरे वनडे में विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ की सेंचुरी भी हार से नहीं बचा सकी। टॉस हारकर भारतीय टीम ने रायपुर वनडे में 5 विकेट पर 358 रन बनाए थे। अफ्रीकी टीम ने 6 विकेट गंवाकर यह मैच 49.2 ओवर में ही जीत लिया।

यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर था। इससे पहले 2010 के ग्वालियर वनडे में 401 रन बनाए थे। यह ODI इतिहास में 44वां मौका था जब एक ही मैच में दो भारतीय बैटर्स ने सेंचुरी बनाई थी।
भारतीय टीम इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे की घरेलू सीरीज खेल रही है, जो अभी 1-1 से बराबरी पर है। सीरीज का तीसरा यानी निर्णायक मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा।

