500 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले 11वें क्रिकेटर बनेंगे रोहित: 20 हजार रन का आंकड़ा भी छूने के करीब; जानें ऑस्ट्रेलिया सीरीज में कौन-कौन से कीर्तिमान रच सकते हैं
Published:
3 min read

इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा आखिरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेलते नजर आए थे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज बेहद ही खास होने वाली है। रोहित अब तक भारतीय टीम के लिए 499 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा तो वह इंजमाम-उल-हक को पीछे छोड़ कर 500 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
इंडिया टीम के लिए 500 मैच खेलने वाले 5वें खिलाड़ी
भारतीय टीम में अब तक केवल 4 ही खिलाड़ियों ने 500 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और राहुल द्रविड़ के नाम हैं। रोहित इस लिस्ट में 5वें भारतीय होंगे। सचिन तेंदुलकर ने इंडिया के लिए सबसे ज्यादा 664 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। दूसरे नंबर पर विराट (550 मैच) हैं। तीसरे नंबर पर माही (535 मैच) और चौथे क्रम पर द्रविड़ (504 मैच) हैं।
वर्ल्ड के 11वें बल्लेबाज बनेंगे रोहित
इंटरनेशनल लेवल पर अब तक 10 क्रिकेटर ही इस कीर्तिमान तक पहुंच पाए हैं। इसमें भारत के चार खिलाड़ियों के अलावा श्रीलंका से तीन प्लेयर हैं। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान से भी एक-एक खिलाड़ी है। सबसे ज्यादा मैच खेलने वालों की लिस्ट में रोहित फिलहाल 12वें पायदान पर हैं। उनसे आगे इंजमाम-उल-हक (499 मैच) हैं। रोहित अगले मैच के साथ ही पाकिस्तान के इस पूर्व कप्तान को पीछे छोड़ देंगे।
20 हजार रन भी पूरे कर सकते हैं रोहित
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 300 रन बना लेते हैं तो वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 20,000 रन बनाने वाले 14वें बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित ने तीनों फॉर्मेट (वनडे, टी20 और टेस्ट) में कुल 19,700 रन बनाए हैं। भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित चौथे नंबर पर हैं।
50 सेंचुरी लगाने के करीब
रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के मामले में संयुक्त रूप से 10वें नंबर पर हैं। अभी तक केवल 9 ही खिलाड़ी ऐसे हुए हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा शतक जड़े। फिलहाल, रोहित के इंटरनेशनल क्रिकेट में 49 शतक हैं। भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के मामले में रोहित तीसरे नंबर पर हैं।
तेंदुलकर से भी आगे निकल सकते हैं रोहित
रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में अब तक 8 सेंचुरी लगाई हैं। रोहित इस सीरीज में दो सेंचुरी लगाते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर के 9 शतक से आगे निकलकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड बना सकते हैं।
रोहित का वनडे करियर
रोहित शर्मा वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए चौथे और ओवरऑल 10वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं। उन्होंने 273 मैचों में 48.76 की एवरेज से 11,168 रन बनाए हैं, जिसमें 32 सेंचुरी और 58 हाफ सेंचुरी के साथ 3 दोहरे शतक भी शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 264 है। इस साल रोहित ने 8 वनडे मैच खेले और 302 रन बनाए हैं, जिसमें एक सेंचुरी और एक हाफ सेंचुरी शामिल है। इस साल का उनका हाईएस्ट स्कोर 119 रहा है।
टेस्ट और टी20 से रोहित हो चुके रिटायर्ड
रोहित शर्मा ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया। इससे पहले 2024 में भारत के टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद उन्होंने टी20 से भी रिटायरमेंट लिया था। फिलहाल रोहित वनडे फॉर्मेट में ही खेलना जारी रख हुए हैं। रोहित को वनडे की कप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है।

