2027 वर्ल्ड कप में खेलने का सपना है: रोहित ने कहा- टीम इंडिया को ODI में वर्ल्ड चैंपियन बनाना चाहता हूं; बच्चे से बातचीत का VIDEO वायरल
Published:
2 min read

इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित शर्मा आखिरी बार चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेलते नजर आए थे। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने बता दिया है कि वह वनडे क्रिकेट से अभी रिटायर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने खुद कहा है कि वो 2027 में होने वाले ODI वर्ल्ड कप में न सिर्फ खेलेंगे, बल्कि भारत को चैंपियन भी बनाएंगे। एक वायरल वीडियो में रोहित एक बच्चे से बातचीत करते नजर आते हैं।
डेफिनेटली खेलना चाहता हूं
रोहित से बच्चा सवाल पूछता है। अगला ODI वर्ल्ड कप कब है? हिटमैन ने कहा-2027 में है। फिर बच्चे ने पूछा आप खेलेंगे? रोहित बोले- हां डेफिनेटली खेलना चाहता हूं। रोहित ने मुस्कुराते हुए ये बात कही और साफ कर दिया कि वह अभी पूरी तरह से क्रिकेट से संन्यास नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि वह पूरी कोशिश करेंगे कि भारत 2027 का वर्ल्ड कप जीते, जो उनके कॅरियर का एक बड़ा सपना है।
टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं रोहित
रोहित टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद यह फॉर्मेट नहीं खेलते। मई 2025 में टेस्ट को भी अलविदा कह चुके हैं। अब वो और विराट सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं।

224 दिन बाद वापसी
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय वनडे टीम ऑस्ट्रेलिया पहुंच चुकी है। स्क्वॉड में रोहित भी शामिल हैं। 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेंगे। हिटमैन ने आखिरी बार इसी साल 9 मार्च को ICC चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था।
टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे में 3 ODI और 5 T20I मैच खेलेगी। पहला मैच 19 तारीख को पर्थ में खेला जाएगा।

