हिटमैन को 2027 वर्ल्ड कप खिलाओ: रहाणे की BCCI से अपील- रोहित जैसे प्लेयर का फैसला एक-दो सीरीज के आधार पर नहीं होना चाहिए
Published: Updated:
4 min read

रोहित शर्मा ने अपना आखिरी ODI मैच 19 जुलाई 2026 को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। उन्होंने इस मुकाबले में 110 गेंद पर 138 रन बनाए।
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय बैटर अजिंक्य रहाणे ने रोहित शर्मा के ODI फ्यूचर को लेकर बयान दिया है। रहाणे का मानना है कि BCCI को रोहित से साफ तौर पर कहना चाहिए कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की टीम का हिस्सा होंगे। उनके मुताबिक, बार-बार यह सवाल उठना कि रोहित अगला मैच या अगली सीरीज खेलेंगे या नहीं, इससे खिलाड़ी पर बेवजह दबाव बनता है।
रोहित के ODI फ्यूचर पर लगातार सवाल क्यों उठ रहे?
रोहित शर्मा का ODI फ्यूचर पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है। हालांकि, वह अभी भी टीम इंडिया की प्लानिंग का हिस्सा हैं और लॉर्ड्स में बेहतरीन पारी खेलकर उन्होंने एक बार फिर अपनी काबिलियत दिखाई है। रहाणे ने आइडिया एक्सचेंज इंटरव्यू में कहा- रोहित जैसे बड़े प्लेयर का फैसला सिर्फ एक-दो सीरीज के आधार पर नहीं होना चाहिए।
रोहित का पिछले कई सालों में भारतीय क्रिकेट के लिए योगदान रहा है। ऐसे खिलाड़ी का अनुभव वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में टीम के लिए बहुत काम आता है। इसलिए उन्हें 2027 वर्ल्ड कप के लिए तैयार रखना चाहिए।

विराट कोहली को लेकर भी रहाणे ने दिया बयान
रहाणे ने सिर्फ रोहित शर्मा की ही बात नहीं की। उन्होंने विराट कोहली को भी 2027 वर्ल्ड कप तक खेलने का पूरा मौका देने की बात कही है। रहाणे के मुताबिक- रोहित और विराट जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बिना किसी दबाव के अपना खेल खेलने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॅरियर के हर दौर में खिलाड़ियों की फॉर्म ऊपर-नीचे होती रहती है। ऐसे समय में कप्तान और टीम मैनेजमेंट का भरोसा सीनियर खिलाड़ियों के लिए बहुत मायने रखता है।
रहाणे ने आगे कहा- अगर रोहित और विराट 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, तो उन्हें तब तक खेलने दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इन खिलाड़ियों की क्वालिटी पर सवाल उठाने की जरूरत नहीं है।

फॉर्म ऊपर-नीचे होती रहती है, अनुभव हमेशा काम आता है
रहाणे ने यह भी कहा कि क्रिकेट में फॉर्म हमेशा एक जैसी नहीं रहती। कभी खिलाड़ी लगातार रन बनाता है तो कभी कुछ मैचों में उसका बल्ला शांत रहता है। इसलिए कुछ मैचों के प्रदर्शन के आधार पर किसी खिलाड़ी के पूरे करियर या उसकी क्षमता पर फैसला करना सही नहीं है। उनका मानना है कि युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों का होना भी टीम के लिए जरूरी है। खासकर वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में दबाव झेलने का अनुभव काफी काम आता है।
2027 वर्ल्ड कप में रोहित 40 साल के होगे
रहाणे का बयान ऐसे समय आया है जब भारतीय टीम ODI क्रिकेट में धीरे-धीरे बदलाव के दौर से गुजर रही है। 2027 वर्ल्ड कप तक पहुंचते-पहुंचते रोहित शर्मा करीब 40 साल के हो जाएंगे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट युवा खिलाड़ियों को भी भविष्य के लिए तैयार कर रहा है। 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने 79 रन की पारी खेली थी। इसके बाद लॉर्ड्स में 138 रन बनाकर उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि लय मिलने पर वह मैच का रुख बदल सकते हैं।
लॉर्ड्स में शतक ने फिर दिखाया रोहित का दम
रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर सवाल उस समय और तेज हो गए थे, जब ऐसी खबरें सामने आई थीं कि इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज उनके लिए आखिरी सीरीज हो सकती है। लेकिन रोहित ने लॉर्ड्स में शानदार 138 रन की पारी खेलकर इन बात का जवाब अपने बैट से दिया। इससे पहले सीरीज के शुरुआती दो मैचों में रोहित ने 11 और 26 रन बनाए थे। लॉर्ड्स की पारी ने दिखाया कि खराब फॉर्म के कुछ मैचों के बाद भी रोहित बड़ी पारी खेलने की क्षमता रखते हैं।

रो-को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में नजर आएगे
रोहित शर्मा और विराट कोहली की अगली ODI सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू सीरीज होगी। सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर 2026 को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। टेस्ट और T20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले चुके रोहित और विराट के इस सीरीज में खेलने की उम्मीद है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए यह सीरीज दोनों खिलाड़ियों के लिए काफी अहम मानी जा रही है।

भारत vs वेस्टइंडीज ODI सीरीज का शेड्यूल
पहला ODI: 27 सितंबर 2026 – तिरुवनंतपुरम
दूसरा ODI: 30 सितंबर 2026 – गुवाहाटी
तीसरा ODI: 3 अक्टूबर 2026 – मुल्लांपुर

