रोहित भूल गए 2014 एडिलेड टेस्ट का वाकया: कोहली की जगह धवन को दिया क्रेडिट, फैंस बोले- बादाम खाया करो; VIDEO वायरल
Published:
4 min read

रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर में 67 मैचों में 4,301 रन के साथ किया। उनका बल्लेबाजी औसत 40.57 रहा।
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर अपने ‘भूलने की आदत’ को लेकर चर्चा में हैं। अपने आने वाले टीवी शो ‘फैमिली फुल हाउस’ के प्रमोशनल वीडियो में रोहित ने 2014 एडिलेड टेस्ट में हुए विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के बीच विवाद को बताया। इस दौरान रोहित से भूल हो गई और कोहली की जगह शिखर धवन का नाम ले लिया।
इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो फैंस ने रोहित को हकीकत याद दिलाई। खास तौर पर विराट कोहली के फैंस ने वीडियो शेयर कर कहा कि रोहित के समर्थन में उस समय शिखर धवन नहीं, बल्कि विराट कोहली सामने आए थे।
2014 एडिलेड टेस्ट में आखिर हुआ क्या था?
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2014 का एडिलेड टेस्ट काफी चर्चा में रहा था। इस मैच के चौथे दिन दो अलग-अलग घटनाओं को लेकर विराट कोहली, शिखर धवन और डेविड वॉर्नर पर ICC ने जुर्माना लगाया था। रोहित शर्मा ने प्रमोशनल वीडियो में इसी दौरे से जुड़े एक विवाद का जिक्र किया और शिखर धवन की तारीफ करते हुए बताया कि वे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से भिड़ गए थे।
रोहित ने धवन को बताया था बेखौफ
टीवी पर किस्सा सुनाते हुए रोहित शर्मा ने शिखर धवन और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ के बीच हुई बहस का जिक्र किया। रोहित के मुताबिक, धवन ने गर्मागर्मी के दौरान अपना पक्ष मजबूती से रखा और वह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के सामने डटकर खड़े रहे।
रोहित ने अपने पूर्व ओपनिंग पार्टनर के इस अंदाज की तारीफ भी की, लेकिन सोशल मीडिया पर फैंस ने रोहित की इस बात पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिस घटना को रोहित धवन से जोड़कर बता रहे हैं, उसमें असल में विराट कोहली ने रोहित शर्मा का साथ दिया था।

जब विराट कोहली ने रोहित शर्मा का दिया था साथ
मैच के दौरान रोहित शर्मा गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी एक गेंद स्टीव स्मिथ के पैड पर लगी, जिसके बाद रोहित ने जोरदार अपील की। स्मिथ ने अपील पर आपत्ति जताई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी दौरान विराट कोहली बीच में आए और रोहित शर्मा के समर्थन में खड़े हो गए। विराट और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के बीच भी गर्मागर्मी हुई। इस मामले में विराट कोहली पर मैच फीस का 30 फीसदी जुर्माना लगाया गया था। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कई फैंस रोहित शर्मा के टीवी वाले किस्से को लेकर उन्हें पुरानी घटना याद दिला रहे हैं।
शिखर धवन भी विवाद में थे, लेकिन घटना अलग थी
शिखर धवन भी उसी एडिलेड टेस्ट के दौरान एक अलग घटना में शामिल थे। यह मामला तब हुआ जब वरुण आरोन गेंदबाजी कर रहे थे और उनके विकेट लेने के बाद डेविड वॉर्नर ने गुस्से में रिएक्शन दी थी। इस घटना को भी उसी टेस्ट से जोड़ा जाता है, लेकिन यह विराट कोहली के रोहित शर्मा के समर्थन में आने वाली घटना से अलग थी।
वीडियो वायरल होते ही फैंस ने रोहित को घेरा
रोहित शर्मा के इस प्रमोशनल वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने कहा कि रोहित ने घटना को गलत तरीके से याद किया है। एक फैन ने लिखा, “भूलने की आदत है भाई को।” वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया, बादाम खाया करो।

कुछ विराट फैंस ने रोहित पर जानबूझकर विराट कोहली का नाम नहीं लेने का आरोप भी लगाया।
19 सितंबर को शुरू होगा रोहित का नया टीवी शो
रोहित शर्मा जल्द ही टीवी पर एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। उनका नया शो ‘फैमिली फुल हाउस’ 19 सितंबर को प्रीमियर होने वाला है। इस शो में पूर्व भारतीय कप्तान का क्रिकेट के मैदान से अलग अंदाज देखने को मिलेगा। एडिलेड टेस्ट का यह किस्सा भी इसी शो के प्रमोशनल वीडियो का हिस्सा था।

