सचिन-कोहली के क्लब में शामिल रोहित शर्मा: वनडे में 100 कैच पूरे किए; हर्षित राणा के आठ वनडे में 16 विकेट
Published:
2 min read

रोहित शर्मा ने वनडे में 100 कैच पूरे किए, हर्षित राणा ने शुरुआती 8 मैचों में 16 विकेट लिए।
स्पोर्ट्स डेस्क. रोहित शर्मा ने वनडे में 100 कैच पूरे कर लिए हैं। यह कामयाबी हासिल करने वाले वो भारत के छठवें खिलाड़ी बन गए। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी शामिल हैं। वहीं, तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने पहले आठ वनडे मैचों में 16 विकेट लेकर रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड के बराबरी कर ली है।
रोहित ने 100 वनडे कैच पूरे किए
इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा वनडे सिडनी में खेला गया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया। पहला कैच रोहित शर्मा ने स्लिप में मिशेल ओवन का कैच पकड़ा। दूसरा कैच, नाथन एलिस ने फुल टॉस पर बड़ा शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन रोहित के हाथों में कैच थमा बैठे। इन दो कैच के बदौलत रोहित 100 वनडे कैच लेने वाले सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना और विराट कोहली के क्लब में शामिल हो गए हैं।
सचिन-कोहली की लिस्ट में रोहित
वनडे में अब तक केवल 6 भारतीयों ने ही 100 या उससे ज्यादा कैच किए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर विराट हैं, जिन्होंने 164 कैच पकड़े हैं। दूसरे नंबर पर मोहम्मद अजहरुद्दीन (156) और तीसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 140 कैच लिए हैं। चौथे नंबर पर राहुल द्रविड़ (124), पांचवें नंबर पर सुरेश रैना (102) हैं। अब रोहित शर्मा 100 कैच के साथ इस लिस्ट में शामिल हैं।

हर्षित ने 16 विकेट पूरे किए
दूसरी तरफ, हर्षित राणा की तेज गेंदबाजी ने सबका ध्यान खींचा। हर्षित ने तीसरे वनडे में 4 विकेट लिए। हर्षित ने पहले आठ वनडे मैच में 16 विकेट पूरे कर लिए हैं, जिससे उन्होंने अश्विन की बराबरी कर ली है। अश्विन ने भी अपने शुरुआती आठ वनडे में 16 विकेट लिए थे। टीम में जगह पर उठे सवाल और दबाव के बीच भी हर्षित ने 8.4 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लिए। प्रसिद्ध कृष्णा (19) और अजित अगरकर (19), के साथ-साथ भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (17) भी शुरुआती आठ मैच में हर्षित से ज्यादा विकेट ले चुके हैं।

