'गिल आउट ऑफ फॉर्म हैं, उनमें कॉन्फिडेंस की कमी': उथप्पा ने कहा- सूर्य आउट ऑफ फार्म नहीं, आउट ऑफ रन
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के T20I वर्ल्ड कप स्क्वॉड को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सबसे ज्यादा सवाल शुभमन गिल को टीम से बाहर किए जाने पर उठे हैं। वहीं, खराब फॉर्म के चलते बावजूद सूर्यकुमार यादव (SKY) को टीम में बनाए रखा गया। अब इस पूरे फैसले पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने बताया कि टीम मैनेजमेंट ने ऐसा फैसला क्यों लिया।
गिल फार्म में नहीं हैं
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर टी20 वर्ल्ड कप टीम को लेकर कहा- बड़े टूर्नामेंट जैसे वर्ल्ड कप में टीम ज्यादा रिस्क नहीं ले सकती। उनके अनुसार, आप वर्ल्ड कप टीम में सिर्फ एक ऐसे खिलाड़ी को रख सकते हैं जो खराब फॉर्म में हो। उससे ज्यादा खिलाड़ी अगर फॉर्म में नहीं होंगे तो टीम को नुकसान हो सकता है।
गिल को टीम से बाहर किया गया। वह इस समय आउट ऑफ फॉर्म हैं। यानी उनका आत्मविश्वास और लय दोनों सही नहीं दिख रहे। उथप्पा ने बताया कि जब कोई खिलाड़ी आउट ऑफ फॉर्म होता है तो उसकी बल्लेबाजी में झिझक कॉन्फिडेंस की कमी होती हैं। अगर आप गिल की आंखों में देखें, तो आपको कन्फ्यूजन दिखेगा। बल्लेबाजी करते समय वो पूरी तरह से सहज नहीं लग रहे हैं। उथप्पा ने यह भी जोड़ा कि हाल की सीरीज में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने शुभमन को काफी परेशान किया और अच्छी गेंदबाजी की।

सूर्या को रन बनाने की जरुरत
दूसरी ओर, सूर्यकुमार को लेकर उथप्पा की राय थोड़ी अलग है। उन्होंने कहा कि लोग समझ रहे हैं कि वो आउट ऑफ फॉर्म हैं, लेकिन असल में ऐसा नहीं है। उथप्पा के मुताबिक- सूर्यकुमार आउट ऑफ फॉर्म नहीं हैं, वो सिर्फ आउट ऑफ रन हैं। यानी उनका खेल खराब नहीं है, बस रन नहीं बन पा रहे हैं।
उथप्पा ने बताया कि क्रिकेट को ऊंचे लेवल पर खेलने वाले खिलाड़ी ही इस फर्क को समझ सकते हैं। आउट ऑफ फॉर्म खिलाड़ी और आउट ऑफ रन खिलाड़ी में बड़ा अंतर होता है। सूर्या की बल्लेबाजी में अब भी वही आत्मविश्वास, शॉट सिलेक्शन और इंटेंट नजर आता है, बस नतीजे उनके पक्ष में नहीं आ रहे। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने सूर्यकुमार पर भरोसा बनाए रखा। क्योंकि बड़े मैचों में ऐसे खिलाड़ी की जरूरत होती है जो कभी भी मैच का रुख बदल सके।

गिल और सूर्या खराब फॉर्म से जूझ रहे
शुभमन गिल इस समय टी20 इंटरनेशनल में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। उन्होंने आखिरी फिफ्टी 13 जुलाई 2024 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे मैच में लगाईथी। इसके बाद से गिल ने 18 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें एक भी फिफ्टी नहीं लगा सके। इस दौरान गिल ने 25.3 के एवरेज से 377 रन बनाए हैं।
इसी दौरान गिल से ज्यादा खराब प्रदर्शन कप्तान सूर्यकुमार यादव का रहा है। उन्होंने 31 मैच खेले, जिसमें 17.92 का एवरेज रहा। इस दौरान सूर्या ने 2 फिफ्टी लगाते हुए 448 रन बनाए।
इसके बाद T20I वर्ल्ड कप होगा
T20I वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। इस बार भारतीय टीम पहली बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में यह टूर्नामेंट खेलेगी।रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इसी दौरान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने T20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद टीम में काफी बदलाव आए हैं।
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन (विकेटकीपर)।

