इंडिया-A को हराकर फाइनल में बांग्लादेश: वैभव को सुपर ओवर नहीं खिलाने पर आलोचना; RS एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान से टक्कर
Published:
3 min read

सेमीफाइनल में भारतीय कप्तान जितेश शर्मा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. राइजिंग स्टार्स एशिया कप के सेमीफाइनल में इंडिया-ए टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। उसका मुकाबला शुक्रवार (21 नवंबर) को बांग्लादेश-ए के खिलाफ हुआ। यह मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में फैसला हुआ, जिसमें बांग्लादेश ने जीत दर्ज की। सुपर ओवर में वैभव सूर्यवंशी को बैटिंग के लिए नहीं भेजा गया, जिसकी आलोचना हो रही है।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप का फाइनल कल (23 नवंबर) दोहा में खेला जाएगा। इस मैच में बांग्लादेश की टक्कर पाकिस्तान से होगी। पाकिस्तान ने अपने सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 5 रन से हराया है।
इंडिया-बांग्लादेश के बीच मैच टाई हुआ
सेमीफाइनल में भारतीय कप्तान जितेश शर्मा ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था। इसके बाद बांग्लादेश की ए टीम ने 6 विकेट पर 194 रन बनाए। हबीबुर रहमान ने 65 रन की पारी खेली।
जवाब में इंडिया-ए टीम भी 6 विकेट पर 194 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। प्रियांश आर्य ने 44 और वैभव सूर्यवंशी ने 38 रनों की पारी खेली। इसके बाद सुपर ओवर खेला गया।
सुपर ओवर में हारी इंडिया-ए टीम
सुपर ओवर में पहले बैटिंग करने इंडिया-ए टीम उतरी। उसकी ओर से जितेश शर्मा और रमनदीप सिंह क्रीज पर आए। यह ओवर पेसर रिपन मंडल ने किया। जितेश पहली बॉल पर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद आशुतोष शर्मा बैटिंग के लिए आए और पहली बॉल पर कैच आउट हुए। इस तरह भारतीय टीम कोई रन नहीं बना सकी।
बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए सुपर ओवर में सिर्फ एक रन चाहिए था। उसकी ओर से यासिर अली और जिशान आलम बैटिंग के लिए आए। इंडिया के लिए लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने ओवर किया। सुयश ने पहली बॉल पर यासिर को कैच आउट कराया। हालांकि अगली बॉल पर वाइड का एक रन दिया और बांग्लादेश ने मैच जीत लिया।
वैभव-प्रियांश को सुपर ओवर में क्यों नहीं भेजा?
इसके बाद आलोचना होने लगी की कप्तान जितेश ने सुपर ओवर में वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य को क्यों नहीं भेजा, जो फॉर्म में थे। इस सवाल का जवाब खुद जितेश ने ही मैच के बाद दिया।
जितेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- वैभव और प्रियांश पावरप्ले के मास्टर कहे जाते हैं। जबकि डेथ ओवर्स में आशुतोष और रमनदीप शानदार बैटिंग करने की काबिलियत रखते हैं। यही कारण था कि सुपर ओवर का लाइनअप टीम ने तय किया, इस पर आखिरी फैसला मेरा ही था।

