एशिया कप से बाहर हो सकते हैं ऋषभ पंत: वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज खेलना भी मुश्किल, इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में लगी थी चोट
Published:
3 min read

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 2 सेंचुरी और 3 फिफ्टी लगाई थी। पंत ने 7 पारियों में 479 रन बनाए। (PTI)
भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे पर एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली, जो 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई। अब टीम इंडिया को सितंबर में एशिया कप 2025 खेलना है। इससे पहले टीम के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आ रही है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट के कारण एशिया कप से बाहर हो सकते हैं।
इसके बाद टीम इंडिया को अपने घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर में 2 टेस्ट की सीरीज खेलनी है। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पंत के इस सीरीज में खेलने पर भी सस्पेंस है। उन्हें पूरी तरह फिट होने में 6 हफ्ते का समय लगेगा।
पंत को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट की सीरीज का चौथा मैच मैनचेस्टर में हुआ था। इसके पहले दिन पंत चोटिल हो गए थे। तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स की बॉल उनके जूते पर लगी थी, जिससे पैर का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया था।
रिपोर्ट में कहा- ऋषभ पंत को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि पंत 6 हफ्ते मैदान से बाहर रहेंगे। वे एशिया कप नहीं खेलेंगे। हो सकता है वेस्टइंडीज सीरीज से भी बाहर रहें।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पंत की जगह प्लेइंग-11 में ध्रुव जुरेल को शामिल किया जा सकता है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पंत ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 2 सेंचुरी और 3 फिफ्टी लगाई थी। पंत ने 7 पारियों में 479 रन बनाए।
एशिया कप कैंसिल हो सकता है
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने भले ही एशिया कप का शेड्यूल जारी कर दिया हो। भले ही भारत-पाकिस्तान मैच भी तय हो गया हो। मगर अब भी यह मैच या टूर्नामेंट कैंसिल हो सकता है। या फिर टीम इंडिया अपना नाम वापस ले सकती है।
दरअसल, पहलगाम हमले के बाद से ही भारत में पाकिस्तान खिलाफ मैच का विरोध हो रहा है। हाल ही में इंग्लैंड में वर्ल्ड चैम्पियंस लीग (WCL) हुई, जिसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ कोई मैच नहीं खेला। पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल होना था, लेकिन भारतीय टीम ने नाम वापस ले लिया था।
ऐसे में माना जा रहा है कि भारत सरकार एशिया कप में इंडिया-पाकिस्तान मैच की मंजूरी ना दे। यदि ऐसा होता है तो भारतीय टीम एशिया कप से हट सकती है। इसकी संभावना भी काफी ज्यादा है। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान से राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया है।

