इंग्लैंड से लौटे ऋषभ पंत : बेंगलुरु में करेंगे रिहैब, वोक्स की गेंद पर लगी चोट से जूझ रहे; वेस्टइंडीज सीरीज से कर सकते वापसी
Published:
3 min read

रिषभ पंत ने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंग्लैंड से भारत लौट आए हैं। मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान दाहिने पैर में चोट लगी थी वह इंग्लैंड में ही इलाज करा रहे थे। वे अब बेंगलुरु में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में ट्रेनिंग करेंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज से वापसी कर सकते हैं।
चोट के कारण उन्हें एशिया कप 2025 में खेलने का भी मौका नहीं मिल पाया। हालांकि उनकी फिटनेस की पूरी रिपोर्ट सामने नहीं आई। अगर वह वेस्टइंडीज की सीरीज तक ठीक नहीं होते तो वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज से वापसी कर सकते हैं।
इंग्लैंड से इंडिया लौटे पंत
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंत पिछले कुछ दिनों से मुंबई में डॉक्टरों से मिल रहे हैं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें रिहैबिलिटेशन करने के लिए कहा है। वहीं उनकी रिकवरी प्रोसेस शुरू होगी। उम्मीद है वे जल्द ही ठीक होकर टीम में वापसी करें। वे अपनी फिटनेस की जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए देते हैं।
क्रिस वोक्स की गेंद पर लगी थी चोट
23 जुलाई को क्रिस वोक्स की गेंद पंत के पैर पर जा लगी। उस समय वह 37 पर बल्लेबाजी कर रहे थे और रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। लेकिन अगले ही दिन वे दोबारा मैदान पर आए और हाफ सेंचुरी पूरी कर 54 रन बनाए। चोट के कारण ओवल में हुए आखिरी टेस्ट में पंत खेल नहीं पाए। सीरीज खत्म होने के कुछ दिनों तक वह इंग्लैंड में ही रहे।
क्रिस वोक्स ने पंत से मांगी माफी
पांचवें मैच में एक बाउंड्री बचाने के चक्कर में वोक्स के कंधे पर चोट लग गई थी। वोक्स ने एक इंटरव्यू में बताया कि टेस्ट मैच के बाद पंत ने अपने इंस्टाग्राम पर उनकी फोटो पोस्ट की थी। इसमें सैल्यूट इमोजी थी। वोक्स ने जवाब में पंत को शुक्रिया करते हुए कहा - आपके प्यार के लिए थैंक्यू। उम्मीद है, पैर अब ठीक होगा।
इसके बाद पंत ने वोक्स को एक वॉइस मैसेज भेजा। इसमें लिखा था - उम्मीद है आपकी रिकवरी बढ़िया चल रही होगी, फिर कभी ग्राउंड पर मिलते हैं। इस पर वोक्स ने कहा - मैंने माफी मांगी। मेरी बॉल से ही आपके पैर में इंजरी हुई। मैं आपकी हिम्मत को सलाम करता हूं। आप वॉरियर हो।

