भगवान की मेहरबानी: ऋषभ ने कहा- इंजरी के बाद वापसी करना आसान नहीं होता, पंत का दिल छू लेने वाला बयान; 4 महीने बाद मैदान में उतरेंगे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के विकेटकीपर-बैंटर ऋषभ पंत एक बार फिर मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। करीब चार महीने के लंबे ब्रेक के बाद पंत अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में होने वाले पहले टेस्ट मैच में नजर आएंगे। इंजरी से जूझने के बाद उनकी वापसी क्रिकेट फैंस के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है।
भगवान की कृपा है
BCCI ने एक वीडियो जारी किया है। पंत ने अपने इमोशन साझा करते हुए कहा- इंजरी के बाद वापसी करना कभी आसान नहीं होता, लेकिन भगवान हमेशा मेहरबान रहे हैं। उन्होंने मुझे इस बार भी ताकत दी और मैं खुश हूं कि फिर से टीम का हिस्सा बना हूं। इस मुश्किल समय में भगवान, परिवार और फैंस ने मुझे सहारा दिया। पंत ने कहा कि हर बार जब वह मैदान पर उतरते हैं, तो सबसे पहले ऊपर देखकर भगवान और अपने माता-पिता का धन्यवाद करते हैं। रिहैब के दौरान खुद के माइंडसेट को मजबूत रखने की पूरी कोशिश करते थे।
माइंडसेट बहुत काम आता है
पंत ने कहा कि जब आप इंजरी से जूझ रहे होते हैं, तब कई बातें दिमाग में आती हैं। लोग क्या कह रहे हैं, यह सोचने के बजाय मैंने बस उन्हीं चीजों पर ध्यान दिया। जिस पर मेरा बस चलता है। किस्मत हमारे हाथ में नहीं होती, लेकिन मेहनत और सोच हमारे हाथ में होती है। अगर इंसान हर छोटी चीज में खुशी ढूंढे और मेहनत जारी रखे, तो मुश्किलें आसान लगने लगती हैं।

हर दिन कुछ नया है
पंत ने आगे कहा- मुश्किल वक्त हमें बहुत कुछ सिखाता है। अगर आप डिसिप्लिन में रहकर हार्डवर्क करते हैं और हर मोमेंट का आनंद लेते हैं, तो जिंदगी आसान लगती है। जो भी काम करो, उसमें अपना 100% दो और उस पल को एंजॉय करो।
पंत के पिछले कुछ साल बहुत मुश्किल थे
लेफ्ट हैंड बैट्समैन का कॅरियर अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2 साल पहले हुए कार एक्सीडेंट में जान गंवाने से बचे। उस घटना के बाद उनकी क्रिकेट में वापसी किसी मिरेकल से कम नहीं थी। एक और इंजरी के बाद उन्होंने खुद को दोबारा साबित किया है।
![]()
इंग्लैंड दौरे पर इंजरी हुई थी
जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान उन्हें पैर में फ्रैक्चर के चलते चार महीने तक मैदान से दूर रहना पड़ा। अब वह पूरी तरह फिट हैं और साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में खेलते दिखेंगे।

