पंत ने जरूरतमंद लड़की की एडमिशन फीस दी: कर्नाटक की बेटी BCA नहीं कर पा रही थी, चाय की दुकान चलाते हैं पिता
Published:
2 min read

कर्नाटक की BCA स्टूडेंट ज्योति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसके BLE कॉलेज में एडमिशन के लिए ऋषभ पंत ने मदद की।
ऋषभ पंत ने हाल ही में एक जरूरतमंद लड़की को मदद दी। कर्नाटक के बागलकोट जिले की रहने वाली एक स्टूडेंट BCA करना चाहती थी। हालांकि, उसके पिता इस काबिल नहीं थे कि बेटी का यह सपना पूरा करने के लिए कॉलेज फीस दे सकें। किसी तरह यह बात ऋषभ तक पहुंची और उन्होंने इस बच्ची की कॉलेज फीस जमा करवाई।
लड़की के पिता एक छोटी सी चाय की दुकान चलाते हैं। इस लड़की का नाम ज्योति है। वो जिले के BLE कॉलेज में एडमिशन लेना चाहती थी। पिता का नाम तीर्थैया कनबुर कॉलेज की फीस नहीं दे पा रहे थे। ऐसे में ज्योति का सपना अधूरा रह जाता ।
मदद की शुरुआत कैसे हुई
ज्योति के माता-पिता ने गांव के एक आदमी अनिल से मदद मांगी। अनिल ने बेंगलुरु में रहने वाले अपने एक दोस्त अक्षय से बात की। अक्षय ने ये बात ऋषभ पंत तक पहुंचाई। पंत को जब ये जानकारी मिली तो उन्होंने बिना देरी किए सीधे कॉलेज में 40,000 फीस ट्रांसफर कर दी। अब ज्योति की पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आएगी
ज्योति ने शुक्रिया कहा
ज्योति ने कहा- मेरे पिता का नाम तीर्थाय और मां का नाम रूपा है। मैं रबकवी गांव में रहती हूं। मैंने SSLC और PUC बेलगावी से पूरा किया है। BCA करना चाहती थी, लेकिन पैसे नहीं थे। मेरे परिवार ने अनिल अंकल से मदद मांगी। उन्होंने अक्षय सर से बात की और फिर ये बात किसी तरह पंत सर तक पहुंची। उन्होंने 40,000 भेजे। इससे मेरी एडमिशन फीस जमा हो गई। मैं उनकी बहुत आभारी हूं। मैं सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहती हूं और फ्यूचर में गरीब बच्चों की मदद करना चाहती हूं। मैं कहना चाहती हूं: बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ।
इंजरी के चलते बाहर
पंत हाल ही में भारत और इंग्लैंड सीरीज मैनचेस्टर टेस्ट में इंजरी के चलते बाहर हो गए थे। उन्हें 6- से 8 हफ्ते का आराम दिया गया है। वो इस सीरीज में 4 मैच खेले और 68 की एवरेज से 479 रन बनाए।

