रोहित के संन्यास की अफवाहों के बीच पंत का VIDEO: वनडे वर्ल्ड कप के लिए संकेत, हिटमैन ने रिटायरमेंट नहीं लेने की बात कही
Published:
2 min read

रोहित शर्मा ने 67 टेस्ट, 159 T20I और 273 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान कुल 19700 इंटरनेशनल रन बनाए। (X/@ImRo45)
38 साल के हो चले रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल के साथ टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है। अब वे सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। रोहित का टारगेट वनडे वर्ल्ड कप 2027 है। हालांकि उससे पहले ही रोहित के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की खबरें आने लगी हैं। यह सच है या अफवाह यह तो क्लियर नहीं है। मगर रोहित का इस पर कोई बयान नहीं आया है।
इसी बीच विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसने संकेत दिए हैं कि रोहित वर्ल्ड कप तक संन्यास नहीं लेने वाले हैं।
ऋषभ पंत ने शेयर किया वीडियो
दरअसल, रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने इसी साल मार्च में ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 जीती थी। तब जश्न के कई वीडियो वायरल हुए थे। मगर एक वीडियो हिडन रहा, जिसे पंत ने 15 अगस्त के मौके पर शेयर किया है।
इस वीडियो में पंत कप्तान रोहित से पूछते दिख रहे हैं- अपने हाथ में स्टम्प क्यों पकड़ा है? क्या रिटायरमेंट ले रहे हैं? इस पर रोहित थोड़ा चौंकते हैं। फिर तपाक से कहते हैं- रिटायरमेंट ले लूं? हर बार जीतेंगे तो मैं थोड़ी ने रिटायरमेंट लेता रहूंगा। पंत कहते हैं- मैंने नहीं बोला भाई, मैं तो चाह रहा हूं कि आप खेलो।
रोहित IPL में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रोहित टेस्ट और T20I नहीं खेल रहे हैं। जबकि टीम इंडिया वनडे बहुत कम खेलती है। ऐसे में रोहित के लिए अपनी फॉर्म और फिटनेस बरकरार रख पाना मुश्किल होगा। वर्ल्ड कप में सिलेक्शन इसी आधार पर होगा।
ऐसे में रोहित के लिए वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल होगा और वे इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। इसी बीच पंत ने यह वीडियो शेयर कर संकेत दिए हैं कि रोहित कहीं नहीं जा रहे और वर्ल्ड कप जीतकर क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि रोहित IPL में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं।

