ऋषभ पंत बने भारतीय सिक्सर किंग: 92 छक्के लगाकर वीरू का रिकॉर्ड तोड़ा; जडेजा 300 विकेट और 4000 रन बनाने वाले दूसरे इंडियन
Published: Updated:
2 min read

भारतीय विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत ने 48 टेस्ट की 83 पारी में 92 सिक्स लगाए हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता में खेला जा रहा है। इस मैच के दूसरे दिन (15 नवंबर) दो बड़े रिकॉर्ड बने। इसमें सबसे पहले विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत टेस्ट में भारतीय सिक्सर किंग बने। साथ ही रवींद्र जडेजा 4000 रन बनाने और 300 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं।
पंत ने तोड़ा वीरू का रिकॉर्ड
इस टेस्ट की पहली पारी में पंत ने 27 रन बनाए। इस दौरान 2 छक्के और 2 चौके लगाए। इसी के साथ पंत ने वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वे टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय प्लेयर बने हैं। पंत ने 48 टेस्ट की 83 पारी में 92 सिक्स लगाए हैं। जबकि वीरू ने 103 टेस्ट की 178 पारी में 90 सिक्स लगाए थे।
उनके बाद रोहित शर्मा (88), रवींद्र जडेजा (80) और महेंद्र सिंह धोनी (78) का नंबर है। ओवरऑल टेस्ट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के नाम है। स्टोक्स ने 115 टेस्ट की 206 पारियों में 136 छक्के लगाए हैं।
टेस्ट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय
91 - ऋषभ पंत
90 - वीरेंद्र सहवाग
88 - रोहित शर्मा
80 - रवींद्र जडेजा
78 - महेंद्र सिंह धोनी
जडेजा यह रिकॉर्ड बनाने वाले दूसरे प्लेयर
रवींद्र जडेजा सबसे तेज 4000 रन बनाने और 300 विकेट लेने वाले दूसरे ऑलराउंडर बन गए हैं। उन्होंने 87 टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल की है। उनसे आगे सिर्फ इयान बॉथम हैं, जिन्होंने 72 टेस्ट में यह रिकॉर्ड बनाया था।
साथ ही जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 4000 रन बनाने और 300 विकेट लेने वाले वर्ल्ड के चौथे ऑलराउंडर बन गए हैं। सबसे पहले यह उपलब्धि बॉथम ने ही हासिल की थी, जिन्होंने 5200 रन बनाए और 383 विकेट लिए थे। भारतीयों में जडेजा से पहले कपिल देव ने यह रिकॉर्ड बनाया था।
टेस्ट में 4000 रन बनाने और 300 विकेट लेने वाले प्लेयर
इयान बॉथम - (5200 रन, 383 विकेट)
कपिल देव - (5248 रन, 434 विकेट)
डेनियल विटोरी - (4531 रन, 362 विकेट)
रवींद्र जडेजा - (4000* रन, 338 विकेट)

