ऋषभ पंत को इंडिया-ए के कप्तान: साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ सीरीज, साई सुदर्शन उपकप्तान; राहुल-सिराज भी खेलेंगे
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. चोट के बाद भारतीय विकेटकीपर बैटर ऋषभ पंत की वापसी होती दिख रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पंत को इंडिया-ए टीम का कप्तान बना दिया है। साथ ही साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ 2 मैच की सीरीज के लिए टीम का ऐलान भी कर दिया है। इसमें पंत को कप्तान तो साई सुदर्शन को उपकप्तान बनाया गया है।
दोनों टीमों के बीच 4 दिवसीय मैच की सीरीज होनी है। पहला मुकाबला 30 अक्टूबर से खेला जाएगा। जबकि दूसरा यानी आखिरी मैच 6 नवंबर से होगा। दोनों मुकाबले बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में खेले जाएंगे।
केएल राहुल और सिराज भी खेलेंगे
ऋषभ पंत ने इसी साल जून-जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेली थी। सीरीज के चौथे टेस्ट में पंत को चोट लगी थी और वे आखिरी मुकाबला नहीं खेल सके थे। पंत को पैर में चोट लगी थी। अब वे ठीक हो गए हैं और वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
पहले टेस्ट के लिए स्क्वॉड में आयुष म्हात्रे, रजत पाटीदार, तनुष कोटियन, मानव सुथार, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर और आयुष बदोनी को भी चुना गया है। जबकि दूसरे टेस्ट में केएल राहुल, अभिमन्यु ईश्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और आकाशदीप भी खेलते नजर आएंगे।
पहले मैच के लिए इंडिया ए टीम
ऋषभ पंत (कप्तान) (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, एन जगदीशन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, मानव सुथार, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर, आयुष बदोनी और सारांश जैन।
दूसरे मैच के लिए इंडिया ए टीम
ऋषभ पंत (कप्तान) (विकेटकीपर), केएल राहुल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, तनुष कोटियान, मानव सुथार, खलील अहमद, गुरनूर बरार, अभिमन्यु ईश्वरन, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और आकाशदीप।

