ऋषभ पंत ने फैन्स से माफी मांगी: क्लीन स्वीप से हार के बाद कहा- सभी जानते हैं टीम इंडिया क्या कर सकती है
Published:
2 min read

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत ने सभी 2 टेस्ट खेले, जिसकी 4 पारियों में सिर्फ 49 रन बनाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम को 2 टेस्ट की घरेलू सीरीज में साउथ अफ्रीका के हाथों 0-2 के क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी थी। दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में हुआ था, जिसमें टीम इंडिया को रिकॉर्ड 408 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। इस मैच में शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत ने कप्तानी संभाली थी। अब पंत ने सीरीज गंवाने और खराब प्रदर्शन को लेकर फैन्स से माफी मांग ली है।
पंत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें लिखा कि सभी जानते हैं टीम इंडिया क्या कर सकती है। हालांकि पिछले 2 हफ्तों में हमारा प्रदर्शन उस हिसाब से नहीं रहा है। पंत ने कहा कि हम कड़ी मेहनत करेंगे और एकजुट होकर फिर से तैयार होंगे।
खराब परफॉर्मेंस के लिए पंत ने माफी मांगी
ऋषभ पंत ने लिखा- हमें यह स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं है कि पिछले दो हफ्तों में हमने बिल्कुल भी अच्छा क्रिकेट नहीं खेला है। बतौर टीम और निजी तौर पर भी हम बेहतरीन प्रदर्शन कर करोड़ों भारतीयों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं।
हालांकि इस बार हम आप सभी की उम्मीदों पर जरा भी खरा नहीं उतर सके। इसके लिए माफी चाहते हैं। बतौर टीम और व्यक्तिगत तौर पर भी खेल हमेशा ही बहुत कुछ सिखाता है। परिस्थितियों में ढलना और विकास करते रहना सिखाता है।
भारतीय टीम के लिए खेलना हमारे लिए सबसे बड़े गर्व की बात है। हम सभी यह बात अच्छे से जानते हैं कि यह टीम क्या कर सकती है। हम कड़ी मेहनत करेंगे और एकजुट होकर फिर से तैयार होंगे। ताकी एक टीम के रूप में और व्यक्तिगत तौर भी मजबूत होकर लौटें और पहले से भी ज्यादा बेहतर बनें।
पंत ने 4 पारियों में सिर्फ 49 रन बनाए
पंत ने इस सीरीज में 2 टेस्ट खेले, जिसकी 4 पारियों में सिर्फ 49 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 27 रन रहा। यानी बाकी 3 पारियों में बुरी तरह फ्लॉप रहे। दो पारियों में पंत दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे।

