रिंकू सिंह की कप्तानी में मेरठ ने जीती UP T20 लीग: ट्रॉफी और साथियों के साथ नाचे कैप्टन, VIDEO वायरल
Published: Updated:
2 min read

रिंकू सिंह ने UP T20 लीग 2026 का खिताब जीत लिया है। उनकी कप्तानी में मेरठ मावेरिक्स ने 2026 उत्तर प्रदेश T20 लीग की ट्रॉफी अपने नाम की।
स्पोर्ट्स डेस्क. मेरठ मावेरिक्स ने रिंकू सिंह की कप्तानी में UP T20 लीग 2026 खिताब अपने नाम कर लिया। टीम की इस शानदार जीत के बाद कप्तान रिंकू सिंह मैदान के साथ-साथ जश्न में भी छा गए। ट्रॉफी जीतने के बाद रिंकू ने अपने साथी खिलाड़ियों के साथ डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रिंकू का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है और लोग उनके डांस का वीडियो शेयर कर रहे हैं।
रिंकू सिंह ने इस खिताबी जीत के साथ अपनी कप्तानी का दम भी दिखाया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में टीम को संभाला और आखिरकार मेरठ मावेरिक्स को चैंपियन बनाने में कामयाब रहे। जीत के बाद रिंकू काफी खुश नजर आए और उन्होंने टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ मिलकर इस खास पल को खुलकर सेलिब्रेट किया।
KKR की कप्तानी के लिए रिंकू सिंह का दावा
UP T20 लीग में खिताब जीतने के बाद रिंकू सिंह की KKR की कप्तानी को लेकर चर्चा भी तेज हो सकती है। रिंकू पिछले साल अजिंक्य रहाणे के डिप्टी यानी उप-कप्तान बनाए गए थे। अब रहाणे के संन्यास के बाद टीम में कप्तानी की जगह खाली है।

वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के हार्दिक पंड्या को टीम में शामिल करने की खबरें भी सामने आ रही हैं। हालांकि, मेरठ मावेरिक्स को खिताब दिलाकर रिंकू ने यह जरूर दिखा दिया है कि वह टीम की कमान संभालने की काबिलियत रखते हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और ट्रॉफी तक पहुंची।
10 मैच में 241 रन बनाए
UP LEAGUE 2026 की बात करें तो रिंकू ने 10 मैच में 241 रन बनाए हैं। इस दौरान वह 3 बार नाबाद रहे हैं। उनका बेस्ट स्कोर 55 है, जबकि उनका बल्लेबाजी औसत 40.17 और स्ट्राइक रेट 169.72 का रहा है।

रिंकू का IPL रिकाॅर्ड
रिंकू ने IPL में अब तक 73 मैचों में 1,394 रन बनाए हैं। वह ज्यादातर मिडिल ऑर्डर में फिनिशर की भूमिका निभाते हैं। 2017 में उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा था, लेकिन उन्हें मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद 2018 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए आईपीएल डेब्यू किया।
2023 के सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार 5 सिक्स लगाकर KKR को यादगार जीत दिलाई और दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई।

