रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिली थी: 6 महीने पहले 5 करोड़ की फिरौती मांगी गई; जानें कैसे सामने आया यह मामला
Published:
3 min read
मुंबई पुलिस के मुताबिक, रिंकू सिंह को गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी की ओर से तीन बार धमकी दी गई।
स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिली थी। उन्हें फरवरी से अप्रैल के बीच तीन बार धमकी भरे ई-मेल मिले। अगस्त में धमकी देने वालों को गिरफ्तार भी कर लिया गया। हालांकि इस पूरे मामले का खुलासा अब हुआ है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह धमकी मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी से मिली। इनमें 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई।
कैसे हुआ खुलासा? रिंकू ने इन धमकियों की शिकायत नहीं की थी। बाबा सिद्दकी के बेटे जीशान सिद्दकी से फिरौती मांगने के मामले में जब दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, तब यह खुलासा हुआ कि इन लोगों ने रिंकू सिंह से भी 5 करोड़ फिरौती मांगी थी।
आरोपियों ने जीशान से 10 करोड़ फिरौती मांगी थी। मुंबई पुलिस ने जब धमकी देने वालों को ट्रेस किया तो पता चला कि वह त्रिनिदाद एंड टोबैगो में हैं। ऐसे में मुंबई पुलिस ने त्रिनिदाद पुलिस की मदद मांगी। त्रिनिदाद एंड टोबैगो पुलिस ने दोनों धमकी देने वालों को 1 अगस्त 2025 को गिरफ्तार करके भारत को सौंप दिया।
मुंबई पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपियों से पूछताछ हुई। इसी में एक आरोपी ने क्रिकेटर रिंकू सिंह को धमकाने के ई-मेल भेजने की बात कबूल की। रिंकू को धमकी देने वाले एक शख्स का नाम मोहम्मद दिलशाद और दूसरे का नाम मोहम्मद नवीद है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में रिंकू को जगह मिली। (फाइल)
ई-मेल में क्या लिखा था? 'उम्मीद है, आप ठीक होंगे। मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं। मैं बहुत खुश हूं कि आप कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम से खेल रहे हैं। उम्मीद करता हूं कि आप ऐसे ही मेहनत करते रहेंगे और एक दिन करियर की ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। मेरी एक रिक्वेस्ट है, अगर आप मेरी फाइनेंशियल हेल्प कर सकें तो। मुझे पांच करोड़ रुपये चाहिए। जगह और समय मैं बताऊंगा। कृपया अपनी मंजूरी भेजें।'
रिंकू की सगाई सांसद प्रिया सरोज से हुई रिंकू सिंह ने 8 जून 2025 को समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से सगाई की। 18 नवंबर 2025 को वाराणसी की एक होटल से उनकी शादी होनी थी, फिलहाल इसे टाल दिया गया, क्योंकि नवंबर से फरवरी तक रिंकू का क्रिकेट शेड्यूल काफी बिजी है। IPL 2026 के बाद दोनों की शादी हो सकती है।
सगाई के दौरान रिंकू सिंह और प्रिया सरोज। (फाइल)
20 करोड़ है रिंकू की नेटवर्थ रिंकू की कमाई की बात करें तो BCCI के ग्रेड C कॉन्ट्रैक्ट से उन्हे 1 करोड़ रुपए मिलते है। IPL में KKR टीम ने उन्हें 13 करोड़ में रिटेन किया था। ब्रांड एड से वह करीब 50 लाख से 3 करोड़ कमाते हैं। अलीगढ़ में रिंकू ने कुछ समय पहले ही 3 से 3.5 करोड़ का आलीशान घर खरीदा है। उनकी नेटवर्थ करीब 20 करोड़ रुपए है।