एशिया कप में सिलेक्ट होते ही रिंकू सिंह का शतक: UP T20 लीग के मैच में लगाए 8 छक्के, टीम को मुश्किल मैच जिताया
Published:
2 min read

एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। इसमें रिंकू सिंह को भी जगह मिली है। एशिया कप में सिलेक्ट होते ही रिंकू सिंह का बल्ला जमकर चला। उन्होंने UP T20 लीग के एक मैच में 8 छक्के लगाते हुए शतक जमाया। उन्होंने मुश्किल स्थिति में क्रीज पर आकर टीम को जीत दिलाई।
दरअसल, गुरुवार (21 अगस्त) को मेरठ मावेरिक्स और गौर गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुआ। इस रोमांचक मैच में मेरठ ने 6 विकेट से मुकाबला जीता।
रिंकू ने 45 बॉल पर शतक पूरा किया
मैच में गोरखपुर टीम ने 168 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में मेरठ टीम ने 38 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां से टीम का जीतना मुश्किल लग रहा था, लेकिन रिंकू सिंह ने पूरी बाजी ही पलट दी। उन्होंने साहब युवराज (22) के साथ पांचवें विकेट के लिए 65 गेंदों पर 130 रन की नाबाद पार्टनरशिप की।
इसी दौरान रिंकू ने 45 बॉल पर शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 48 गेंद पर नाबाद 108 रन बनाए। इस दौरान रिंकू ने 8 छक्के और 7 चौके लगाए। इस पारी के बदौलत मेरठ टीम ने 7 बॉल बाकी रहते ही मैच जीत लिया।
9 से 28 सितंबर तक होगा एशिया कप
रिंकू सिंह को एशिया कप के लिए टीम में चुना गया है। टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

