वर्ल्ड चैम्पियन ऋचा घोष बनीं DSP: बंग भूषण सम्मान भी मिला; वर्ल्ड कप फाइनल में मैच विनिंग 34 रन बनाए थे
Published:
2 min read

भारतीय विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष ने इस वर्ल्ड कप में 8 मैच खेले, जिसमें 39.16 के एवरेज से 235 रन बनाए। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में मैच विनिंग पारी खेलने वाली विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष को बड़ा सम्मान मिला है। उनको पश्चिम बंगाल पुलिस में DSP (पुलिस उपाधीक्षक) बनाया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 22 साल की ऋचा को अपॉइंटमेंट लेटर दिया। इसके साथ ऋचा को बंग भूषण सम्मान भी मिला।
34 लाख रुपए और गोल्ड चेन भी मिली
दरअसल, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने ऋचा के सम्मान के लिए कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एक प्रोग्राम रखा था। इसी दौरान ममता ने उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर दिया और बंग भूषण सम्मान से नवाजा। ऋचा ने वर्ल्ड कप फाइनल में मैच विनिंग 34 रन बनाए थे।
इसके लिए इस भारतीय बैटर को 34 लाख कैश अवॉर्ड भी दिया। साथ ही CAB ने गोल्डन बैट और गोल्डन बॉल दी। जबकि बंगाल सरकार ने ऋचा को बतौर गिफ्ट गोल्ड की चेन भी दी।
CM ने झूलन और ऋचा की तारीफ की
इस दौरान CM ममता ने कहा कि झूलन गोस्वामी जैसी स्टार खिलाड़ियों ने इंडियन वुमन्स क्रिकेट की नींव रखी। उन्होंने शानदार काम किया था। अब ऋचा घोष एंड टीम ने ICC वर्ल्ड कप खिताब का लंबा इंतजार खत्म किया है। ममता ने वुमन्स टीम के कोच, मेम्बर्स, स्टाफ और सभी प्लेयर्स के माता-पिता को बधाई दी।
ऋचा ने इस वर्ल्ड कप में 235 रन बनाए
ऋचा घोष ने इस वर्ल्ड कप में 8 मैच खेले, जिसमें 39.16 के एवरेज से 235 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 133.52 का रहा। ऋचा का बेस्ट स्कोर 94 रन रहा, जो उन्होंने विशाखापट्टनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लीग मैच में बनाया था। टूर्नामेंट में ऋचा ने एक फिफ्टी लगाई।
फाइनल में खेली मैच विनिंग पारी
फाइनल मुकाबला टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया था। मैच में इंडिया ने 299 रनों का टारगेट देकर अफ्रीका को 246 रनों पर ढेर कर दिया था। इस तरह भारतीय टीम ने यह मैच 52 रनों से जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
फाइनल में ऋचा ने 24 बॉल पर 34 रन की आतिशी पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 2 छक्के और 3 चौके लगाए थे। आखिर में यही रन मैच विनिंग साबित हुए।

