ओवल टेस्ट: गिल तोड़ सकते हैं ब्रैडमैन का रिकॉर्ड, इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट से सिर्फ एक कदम दूर सिराज
Published:
3 min read

शुभमन गिल ने इस सीरीज में 8 पारी खेलीं, जिसमें 722 रन बनाए। (सोर्स: BCCI)
इंडिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 31 जुलाई से ओवल में होने जा रहा है। यह मैच दोनों टीमों के लिए अहम है। अगर टीम इंडिया जीत हासिल करती है तो सीरीज 2-2 से बराबर हो जाएगी। दूसरी तरफ इंग्लैंड अगर जीत जाती है तो 3-1 से अपने नाम कर लेगी।
मैच के नतीजे से इतर इस टेस्ट में भारत के तीन प्लेयर्स के पास इंडिविजुअल रिकॉर्ड बनाने का मौका भी है। ये तीन प्लेयर्स हैं- शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज।
6 हजार इंटरनेशनल रन से 32 रन दूर कप्तान गिल
शुभमन गिल इस सीरीज की आठ पारियों में 722 रन बना चुके हैं। एवरेज 90.25 रहा है।गिल को इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 हजार रन पूरे करने के लिए 32 रन की जरूरत है। उन्होंने अब तक 112 मैच में 46.62 की औसत से 5,968 रन बनाए हैं। इनमें 25 फिफ्टी और 18 सेंचुरी शामिल हैं। बेस्ट स्कोर 269 रन है। ये उन्होंने इसी सीरीज के एजबेस्टन टेस्ट में बनाया था।
गावस्कर के 2 और ब्रेडमेन का 1 रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं गिल
1. गिल लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर के दो रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चार टेस्ट में 774 रन बनाए थे। गिल को इस रिकॉर्ड की बराबरी के लिए 53 रन चाहिए।
2. 1978-79 में गावस्कर ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में कप्तान के तौर पर 732 रन बनाए थे। इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें 11 रन की जरूरत है।
3. इसके अलावा अगर गिल इस ओवल टेस्ट में 89 रन और बना लेते हैं तो वो ऑस्ट्रेलिया के लीजेंड डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। ब्रेडमेन ने 936-37 में इंग्लैंड के खिलाफ 810 रन बनाए थे।
जडेजा के पास लक्ष्मण का रिकॉर्ड तोड़ने का मौक
रवींद्र जडेजा ने इस सीरीज में अब तक 454 रन बनाए हैं। अगर वो 21 रन और बना लेते हैं तो वीवीएस लक्ष्मण का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। लक्ष्मण ने 2002 में वेस्टइंडीज दौरे पर नंबर 6 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 474 रन बनाए थे। इस सीरीज में जडेजा का एवरेज 113.50 है। उन्होंने चार फिफ्टी और एक नाॅट आउट सेंचुरी लगाई है।
200 इंटरनेशनल विकेट से एक विकेट दूर सिराज
मोहम्मद सिराज 100 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। उनकी इंटरनेशनल विकेट टैली 199 हो चुकी है। द ओवल में अगर वो एक विकेट और हासिल करते हैं तो वो 200 विकेट हासिल कर लेंगे। में उनका बॉलिंग एवरेज 29.09 और बेस्ट बॉलिंग फिगर 6-15 है।
इस सीरीज में सिराज अब तक 14 विकेट ले चुके हैं। ओवल टेस्ट में बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज ही इंडियन पेस बैटरी को लीड करेंगे।

