एक दिन ये सब खत्म हो जाएगा: KKR के खिलाफ सेंचुरी के बाद कोहली बोले- मैं हर दिन बेस्ट देना चाहता हूं
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ‘एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा। अभी बैटिंग एंजॉय कर रहा हूं।’ ये शब्द द चेज मास्टर विराट कोहली के हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ विराट ने एक बार फिर दिखा दिया कि बड़े मैच में उनसे बेहतर शायद ही कोई हो। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम मुश्किल में थी। तब कोहली आखिर तक डटे रहे और सेंचुरी लगाकर टीम को जीत दिलाई।
मैच विनिंग इनिंग
असल में, IPL 2026 के 57वें मैच में KKR और RCB टीम आमने-सामने थी। यह मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में खेल गया। RCB ने KKR को 6 विकेट से हराया। इस मैच में कोहली ने 60 गेंदों में 105 रन की मैच विनिंग इनिंग खेली।
लगातार 2 मैच में फ्लॉप
कोहली पिछले 2 मैच में लगातार डक पर आउट हुए थे। ऐसे में उन पर काफी प्रेशर था। इस मैच में उन्होंने शुरुआत से संभलकर खेलना शुरू किया। इसके बाद अटैकिंग स्टाइल दिखाया। कोहली ने दूसरे ओवर में ही 4 चौके लगाकर बता दिया कि वह बड़ी इंनिग खेलने आए हैं।
सेंचुरी सेलिब्रेट नहीं की
विराट ने अपना 9वां IPL शतक पूरा किया। इस बार सेलिब्रेशन काफी शांत रहा। उन्होंने सिर्फ बैट उठाकर ड्रेसिंग रूम की तरफ देखा। हेलमेट तक नहीं उतारा। उनका पूरा फोकस टीम को मैच जिताने पर था।

98 रन पर छोटा सा डांस
कोहली 98 रन पर थे। तभी उन्होंने कार्तिक त्यागी की बॉल पर सिक्स लगाया। इसके बाद उन्होंने हल्का सा डांस भी किया। उन्होंने सिंगल डबल लेकर रनरेट को कभी नीचे नहीं आने दिया। देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 92 रन की पार्टनरशिप की।
प्रेशर में आप बेहतर बनते हैं- कोहली
मैच के बाद विराट कोहली ने कहा- लोग कहते हैं प्रेशर एक प्रिविलेज है। यह सच है। प्रेशर सिचुएशन आपको फोकस्ड रखता है। जब 2 मैच खराब जाते हैं तो आप फिर ज्यादा हार्डवर्क करते हैं। मुझे अभी भी बैटिंग से प्यार है। मैं हर दिन मैदान पर अपना बेस्ट देना चाहता हूं। एक दिन यह सब खत्म हो जाएगा।
कोहली टेस्ट और T20I से संन्यास ले चुके
37 साल के कोहली IPL 2026 में अच्छे फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 12 मैच में 484 रन बनाए। कोहली ने T20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद T20I फॉर्मेट से रिटायरमेंट लिया। इसके बाद मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास लिया। वे सिर्फ ODI खेल रहे हैं।

