बेंगलुरु में RCB की विक्ट्री परेड होना मुश्किल: पुलिस की नई गाइडलाइन्स जारी; पिछली बार भगदड़ में 11 मौत हुई थीं
Published: Updated:
2 min read

IPL 2026 सीजन के फाइनल में RCB ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार IPL खिताब जीत लिया है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी इसका जश्न मना। हालांकि फैन्स के लिए एक निराश करने वाली खबर आई है। RCB टीम का बेंगलुरु में विक्ट्री परेड निकाल मुश्किल लग रहा है। इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि पिछले सीजन में ट्रॉफी जीतने के बाद विक्ट्री परेड निकाली गई थी। तब इसमें भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान गई थी।
IPL 2026 सीजन का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (31 मई) को खेला गया, जिसमें RCB ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता है।
फ्रेंचाइजी का सार्वजनिक जश्न से इनकार
न्यूज एजेंसी की मानें तो RCB फ्रेंचाइजी ने सुरक्षा कारणों और पुलिस गाइडलाइन्स का हवाला देते हुए बेंगलुरु में सार्वजनिक जगहों पर कोई भी जश्न मनाने से इनकार कर दिया है। ऐसे में साफ है कि विक्ट्री परेड होना मुश्किल है।
RCB के सोर्स ने न्यूज एजेंसी से कहा- बेंगलुरु में किसी भी तरह का जश्न नहीं मनाया जाएगा। इसकी संभावना काफी ज्यादा है। यहां कुछ गाइडलाइन्स जारी की गई हैं, जिनका हम सभी को पालन करना होगा।
नए CM की शपथ ग्रहण
दूसरा कारण यह भी है कि कर्नाटक में डीके शिवकुमार नए मुख्यमंत्री बने हैं। 3 जून को बेंगलुरु में उनका शपथग्रहण है। ऐसे में पुलिस को यहां भारी बंदोबस्त करना होगा। ऐसे में पुलिस ने RCB की विक्ट्री परेड के लिए सिक्योरिटी देने से इनकार कर दिया है। यह भी एक वजह है कि फ्रेंचाइजी ने यह फैसला किया है।
दूसरी ओर बेंगलुरु सिटी पुलिस कमीश्नर सीमान्त कुमार सिंह ने कहा- हमने एक गाइडलाइन जारी कर फैन्स से अपील की है कि वे सार्वजनिक तौर पर या सड़कों पर जश्न ना मनाएं। साथ ही शांति भंग ना करें और सुरक्षा व्यवस्थाओं में खलल ना डालें। जश्न मनाना है तो घर में ही मनाएं।

