4 फाइनल और 1 ट्रॉफी: वो भी इसी मैदान पर जीती; विराट बतौर कप्तान खिताब नहीं दिला सके- यहां इन्हीं चार मुकाबलों की कहानी
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन अब फाइनल में एंट्री कर चुका है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) फाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम है, जिसका खिताबी मुकाबला 31 मई को गुजरात टाइटन्स (GT) से होगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। यह मैदान बेंगलुरु टीम के लिए बेहद खास रहा है।
इसी ग्राउंड पर बेंगलुरु टीम ने पिछले ही सीजन में अपना पहला IPL खिताब जीता था। यह 4 फाइनल में से एक ही जीत थी। इस बार RCB अपना पांचवां फाइनल खेलने और दूसरा खिताब जीतने उतरेगी।

कोहली ने बतौर कप्तान एक फाइनल खेला
इस फाइनल से पहले बता दें कि RCB के लिए अहमदाबाद ग्राउंड के साथ फाइनल में अब तक पहले बैटिंग करना भी लकी ही रहा है। शुरुआती तीन फाइनल में RCB ने बाद में बैटिंग की थी और हार मिली थी। पिछले सीजन में पहले बैटिंग करते हुए खिताब जीता था।
विराट कोहली को लेकर भी एक खास बात रही है। फैन्स को यह जानकर हैरानी होगी कि कोहली ने 4 में से सिर्फ एक ही फाइनल बतौर कप्तान खेला है। इसमें भी टीम को हार मिली थी। यह फाइनल 2016 सीजन का था, तब हैदराबाद टीम ने शिकस्त दी थी। कोहली ने इस सीजन में 973 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी।
आइए जानते हैं चारों फाइनल में RCB का हाल…

2009, डेक्कन चार्जर्स 6 रन से जीती
बेंगलुरु टीम ने 2009 सीजन में अपना पहला फाइनल खेला था। यह IPL का दूसरा सीजन था। इस फाइनल में डेक्कन चार्जर्स टीम 6 रन से जीती थी। तब RCB की कप्तानी अनिल कुंबले संभाल रहे थे। विराट कोहली ने इस फाइनल में छठे नंबर पर बैटिंग करते हुए 8 बॉल पर 7 रन बनाए थे।
जोहानिसबर्ग में हुए इस फाइनल में डेक्कन टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 143 रन बनाए थे। 144 रन के टारगेट के जवाब में RCB ने 9 विकेट पर 137 रन ही बनाए थे।

2011 सीजन, CSK 58 रन से जीती
RCB ने IPL 2011 सीजन का फाइनल भी खेला था। यह दूसरा खिताबी मुकाबला डेनियल विटोरी की कप्तानी में खेला गया था। इस फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 58 रन से जीत दर्ज की थी। नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए विराट कोहली ने 32 बॉल पर 35 रन बनाए थे।
चेन्नई में हुए इस फाइनल में CSK ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 205 रन बनाए थे। 206 रन के टारगेट के जवाब में RCB ने 8 विकेट पर 147 रन ही बनाए थे।

2016, SRH 8 रन से जीती
IPL का 2016 सीजन विराट कोहली के लिए ऐतिहासिक रहा था। उन्होंने इस सीजन में 973 रन बनाए थे, जो अब तक एक सीजन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है। इस सीजन के फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) टीम ने बेंगलुरु को 8 रन से हराया था। विराट ने ओपनिंग करते हुए 35 बॉल पर 54 रन की पारी खेली थी।
बेंगलुरु में हुए इस फाइनल में हैदराबाद टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 208 रन बनाए थे। 209 रन के टारगेट के जवाब में RCB ने 7 विकेट पर 200 रन ही बनाए थे।

2025, RCB 6 रन से जीती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए IPL का 2025 सीजन लकी रहा, जिसमें टीम ने अपना पहला खिताब जीता। फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया था। इस खिताबी मुकाबले में विराट कोहली ने ओपनिंग में 35 बॉल खेलकर 43 रन बनाए थे।
अहमदाबाद में हुए इस फाइनल में बेंगलुरु टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 9 विकेट पर 190 रन बनाए थे। 191 रन के टारगेट के जवाब में पंजाब किंग्स ने 7 विकेट पर 184 रन ही बनाए थे।

