युवराज का अपग्रेड वर्जन अभिषेक: अश्विन बोले- उनका अंदाज बेखौफ और माइंडसेट एग्रेसिव, वो टीम को जीत दिला सकते हैं
Published:
2 min read

आर अश्विन ने यंग बैटर अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए उन्हें युवराज सिंह का अपग्रेड वर्जन बताया है। (फोटो क्रेडिट: इंस्टाग्राम)
स्पोर्ट्स डेस्क। आर अश्विन ने यंग बैटर अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए उन्हें युवराज सिंह का अपग्रेड वर्जन बताया है। अश्विन का मानना है कि अभिषेक का बेखौफ खेल और एग्रेसिव माइंड सेट टीम इंडिया के लिए एशिया कप में काम आएगा। अभिषेक ने हाल के समय में अपने खेल में सुधार किया है और अब वो T20 क्रिकेट में मैच विनर के रूप में सामने आए हैं।शुभमन गिल पर अश्विन ने कहा- 1 साल के बाद T20I में वापसी कर रहे हैं। उन पर रन बनाने दबाव होगा।
युवराज का अपग्रेड वर्जन
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- अभिषेक की बैटिंग से खुश होकर मैंने उन्हें अपग्रेडेड युवराज सिंह कहा है। मैं देखना चाहता हूं कि अभिषेक का ऑल-आउट अटैकिंग गेम हर पिच पर काम करेगा।

युवी 2007 के हीरो
युवी ने 2007 के T20 वर्ल्ड कप में इंडिया को जीत दिलाने में अहम रोल अदा किया था। इंग्लैंड के खिलाफ 6 छक्के लगाना और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल की पारी आज भी हर क्रिकेट फैन को याद है।
युवराज ने ही दी है अभिषेक को ट्रेनिंग
अभिषेक ने पंजाब क्रिकेट के शुरुआती दिनों में युवी से काफी कुछ सीखा है। उन्होंने टेक्निक और मैच के माइंडसेट को अच्छा रखने की कला सीखी है। युवी ने उन्हें प्रेशर कंडीशन को हैंडल करना भी सिखाया है। यह अभिषेक के गेम में भी दिखता है। वह बिना प्रेशर के बैटिंग करते हैं।

गिल पर रन बनाने का दबाव
अश्विन ने गिल को लेकर कहा- उन पर अब रन बनाने का दबाव होगा, क्योंकि वो एशिया कप 2025 में उप-कप्तान हैं। शुभमन के पास फॉर्म है और अगर गिल ने 140-150 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए तो वे टूर्नामेंट के हाईएस्ट स्कोरर बन सकते हैं।
अभिषेक का T20I रिकॉर्ड
अभिषेक ने अब तक सिर्फ 17 T20 इंटरनेशनल खेले हैं। इनमें 193.84 के स्ट्राइक रेट से 535 रन बनाए हैं। इसमें दो सेंचुरी और दो फिफ्टी शामिल हैं। बेस्ट स्कोर 135 रन है। उन्होंने 8.05 के इकोनॉमी रेट से 6 विकेट भी लिए हैं।

