रवि शास्त्री को इंग्लैंड का कोच बनाओ: मोंटी पनेसर बोले- बहुत हुआ बैजबॉल, ऑस्ट्रेलिया में शर्मनाक हार के बाद भी नहीं सुधरे तो क्या फायदा
Published: Updated:
3 min read

रवि शास्त्री भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं। अपनी कोचिंग में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार 2 टेस्ट सीरीज (2018-19, 2020-21) जीती हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड क्रिकेट टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पांच टेस्ट की एशेज सीरीज खेल रही है। उसने शुरुआती 3 टेस्ट हारने के साथ ही सीरीज भी गंवा दी है। साथ ही इंग्लैंड टीम पर शराब के ओवरडोज और लगातार पार्टी करने का गंभीर आरोप लगा है। कोच ब्रेंडन मैक्कुलम की भी आलोचना हो रही है। इसी बीच पूर्व इंग्लिश स्पिनर मोंटी पनेसर ने बयान दिया है।
पनेसर ने कहा कि हमें इस हार के बारे में सोचना होगा। इंग्लैंड टीम और क्रिकेट बोर्ड को मंथन करना चाहिए। साथ ही सोचना चाहिए कि आखिर ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में कैसे हराएं। पनेसर ने कहा कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री को इंग्लैंड टीम का अगला कोच बनना चाहिए।
शास्त्री को इंग्लैंड का अगला हेड कोच बनना चाहिए
पूर्व इंग्लिश स्पिनर ने कहा- इसके बारे में सोचने की जरूरत है कि आखिर ऑस्ट्रेलिया को कैसे हराया जाए, उसका तरीका किसे पता है। सोचना होगा कि ऑस्ट्रेलिया की मेंटली, फिजिकली और टेक्नीकली कमजोरियों का फायदा कैसे उठाया जाए। मुझे लगता है कि रवि शास्त्री को इंग्लैंड का अगला हेड कोच बनना चाहिए।
पनेसर ने यह भी बताया कि बतौर कोच रवि शास्त्री का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वे भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं। अपनी कोचिंग में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार 2 टेस्ट सीरीज (2018-19, 2020-21) जीती हैं। पनेसर ने शास्त्री के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रिकॉर्ड की तारीफ की। कहा कि ऑस्ट्रेलिया में हाई-प्रेशर सीरीज जीतने के लिए ऐसी समझ चाहिए।
इंग्लैंड 2 साल में 26 में से 13 टेस्ट हारा
मैक्कुलम की कोचिंग में इंग्लैंड टीम ने टेस्ट में भी तेज खेलना शुरु किया, तो इसे बैजबॉल गेम नाम दिया गया। शुरुआत में इसकी तारीफ जरूर हुई, लेकिन अब यह इंग्लैंड की हार की वजह बन रहा है। इंग्लैंड टीम ने 2024 के शुरुआत से अब तक (25 दिसंबर 2025) 26 टेस्ट खेले हैं। इस दौरान 12 जीते और 13 में हार मिली। एक टेस्ट ड्रॉ रहा।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मैक्कुलम अगले इंग्लिश समर तक कोच नहीं रहेंगे। इसको लेकर जब सवाल किया, तो मैक्कुलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- इसके बारे में मुझे कुछ नहीं पता। ये मेरे हाथ में नहीं है। मैं अपना काम कर रहा हूं और गलतियों से सीख रहा हूं। उसी के हिसाब से जरूरी बदलाव होंगे। इसके जवाब मैं नहीं कोई और देगा।

