रेप केस में फंसने वाले हैदर अली चौथे पाकिस्तानी क्रिकेटर: बाबर का केस अब भी चल रहा, यासिर और शोएब अख्तर बचे
Published:
4 min read

रेप केस में फंसने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर, यासिर शाह, बाबर आजम और हैदर अली ने इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (PCB)
पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली पर इंग्लैंड में रेप के आरोप लगे हैं। उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में सख्त शर्तों के साथ जमानत मिल गई। हालांकि उनका पासपोर्ट जब्त कर मैनचेस्टर शहर से बाहर जाने पर रोक लगा दी गई। विक्टिम पाकिस्तानी मूल की क्रिश्चियन है और मैनचेस्टर में ही रहती है। हैदर अली अकेले पाकिस्तानी क्रिकेटर नहीं हैं, जिन पर रेप के आरोप लगे हैं। उनसे पहले बाबर आजम, शोएब अख्तर और यासिर शाह पर भी रेप के आरोप लग चुके हैं।
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम पर रेप केस अब भी कोर्ट में चल रहा है। जबकि यासिर और अख्तर बरी हो चुके हैं। आइए जानते हैं इन केस के बारे में...
बाबर के खिलाफ रेप केस अब भी चल रहा
बाबर आजम पर उनकी पड़ोसी हमीजा ने रेप का आरोप लगाया था। उसने FIR में बताया कि शादी का वादा करके बाबर ने 10 साल तक उसका शोषण किया। एक बार गर्भपात भी कराया। हमीजा ने इससे जुड़े सभी मेडिकल डॉक्यूमेंट भी कोर्ट में पेश किए। बाबर और हमीजा स्कूल में साथ पढ़ते थे।
हमीजा ने 2017 में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से कोर्ट में सुनवाई टलती जा रही है। कोर्ट ने बाबर की गिरफ्तारी पर भी रोक लगा रखी है। फैसला अब तक नहीं आया। हमीजा ने कहा था कि उसे बाबर आजम और उसके परिवार की तरफ से जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। उसने प्रधानमंत्री से सुरक्षा भी मांगी थी।
बाबर ने 31 मई 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ लाहौर वनडे से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने 59 टेस्ट में 4235 रन, 132 वनडे में 6282 रन और 128 T20I में 4223 रन बनाए हैं। उन्होंने कुल 31 इंटरनेशनल शतक लगाए।
यासिर ने विक्टिम नाबालिग को दिया था लालच
2021 में 14 साल की नाबालिग ने रेप केस में लेग स्पिनर यासिर शाह के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। विक्टिम ने आरोप लगाया था कि क्रिकेटर ने उसे फ्लैट और खर्चा उठाने का लालच भी दिया था। मामला कुछ समय चला। विक्टिम ने आरोप वापस ले लिए थे। उसने कहा था कि कन्फ्यूजन की वजह से FIR में यासिर का नाम लिखा गया था।
यासिर ने 2011 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 39 साल के इस स्पिनर ने 48 टेस्ट में 244 विकेट और 25 वनडे में 24 विकेट लिए। यासिर ने दो T20I खेले, जिसमें विकेट नहीं मिले।
ऑस्ट्रेलिया दौरे में अख्तर पर रेप का आरोप
पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर पर 2005 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रेप का आरोप लगा था। हालांकि तब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खिलाड़ी का नाम नहीं बताया था। अनफिट बताते हुए अख्तर को बीच दौरे से ही वापस बुला लिया था। तब माना गया था कि यह रेप केस अख्तर पर ही लगा है।
PCB ने कहा था कि इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। ऐसे में वे भी कोई इंटरनल इन्वेस्टिगेशन नहीं करेंगे। 5 साल पहले अख्तर ने हेलो ऐप को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया था कि उस दौरान टीम में शामिल किसी और खिलाड़ी पर रेप के आरोप लगे थे।
अख्तर ने कहा था- "मैंने PCB से कहा कि भले उस लड़के का नाम ना बताएं, लेकिन इतना कह दें कि वह इंसान शोएब अख्तर नहीं है। जब वह घटना हुई थी तो सब लोग मुझ पर शक कर रहे थे। PCB ने आज तक मेरा नाम साफ नहीं किया है। मुझे बदनाम करने की कोशिश की गई।" अख्तर ने 46 टेस्ट में 178 विकेट, 163 वनडे में 247 और 15 T20I मैच में 19 विकेट लिए।

