'वो तो ट्रॉफी लेकर ही भाग गए': सूर्या बोले- हमने ड्रेसिंग रूम का गेट बंद नहीं किया था; BCCI या सरकार ने टीम को कोई इंस्ट्रक्शन नहीं दिए थे
Published: Updated:
3 min read

भारतीय क्रिकेट टीम ने नौवीं बार एशिया कप जीता है। मौजूदा सीजन का फाइनल रविवार (28 सितंबर) को दुबई में खेला गया था। इसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त दी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया की जीत के साथ ही एशिया कप 2025 खत्म हो चुका है। अब अगर कुछ बचा है तो इससे जुड़े कई विवाद और इन पर जारी बयानबाजी। ताजा विवाद यही है कि टीम इंडिया ने टूर्नामेंट तो जीता, लेकिन उसे ट्रॉफी नहीं मिली, क्योंकि पाकिस्तान के होम मिनिस्टर और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी ट्रॉफी और इंडिविजुअल मोमेंटोज (स्मृति चिन्ह) अपने साथ होटल ले गए। वो इस बात बिफर गए थे कि टीम इंडिया उनके हाथ से ट्रॉफी और मैडल्स क्यों नहीं ले रही। बहरहाल, इस विवाद पर टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फिर बयान दिया है।
मैंने जो देखा, वो ये था..
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में सूर्या ने कहा- पहली बात तो ये है कि हमने 21 सितंबर के मैच के बाद ड्रेसिंग रूम के गेट बंद नहीं किए थे। इस बारे में जो रिपोर्ट्स आईं कि इंडियन प्लेयर्स पाकिस्ताी टीम से हैंडशेक नहीं करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने ड्रेसिंग रूम का गेट बंद कर दिया था। ये आरोप गलत हैं। हमने प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान किसी को इंतजार भी नहीं कराया।

वो ट्रॉफी लेकर ही भाग गए
फाइनल के बाद ट्रॉफी और मोमेंटोज न मिलने के बारे में सूर्या ने कहा- मैंने जो देखा, मैं वही बता रहा हूं। वो (मोहसिन नकवी और उनका स्टाफ) तो ट्रॉफी लेकर ही भाग गए। कुछ लोग हमारे वीडियो बना रहे थे। उन्होंने ही इस इंसीडेंट को भी वीडिया फॉर्म में कैप्चर कर लिया। हम तो ग्राउंड पर ही थे।

BCCI और सरकार ने कोई ऑर्डर नहीं दिए
पाकिस्तानी टीवी चैनल्स और वहां के एक्स प्लेयर आरोप लगा रहे हैं कि भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी न लेने और पाकिस्तानी प्लेयर्स से हैंडशेक न करने का फैसला BCCI और भारत सरकार के आदेश पर किया। इस बारे में पूछे गए सवाल पर टीम इंडिया के कप्तान ने कहा- ये सरासर झूठ है। BCCI या भारत सरकार ने हमसे कुछ करने को नहीं कहा। ये प्रोपेगेंडा फैलाया गया है।
नकवी से ट्रॉफी न लेने और पाकिस्तानी प्लेयर्स से हैंडशेक न करने का फैसला सिर्फ टीम और हमारे मैनेजमेंट का था। ACC स्टाफ स्टेज पर था और हम नीचे खड़े थे। वो आपस में कुछ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान क्राउड ने उनकी हूटिंग शुरू कर दी। तब हमने देखा कि एक शख्स ट्रॉफी लेकर जा रहा है और नकवी उसके पीछे-पीछे तेज कदमों से चल रहे हैं।

