शान मसूद को हटाने पर रमीज राजा गुस्सा: बोले- एवरेज टीम देकर कप्तान को बताया गलत, मैं मसूद होता तो PCB में लिखित शिकायत करता
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट में टेस्ट कप्तानी को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। शान मसूद को टेस्ट टीम की कप्तानी से हटाकर फिर से बाबर आजम को जिम्मेदारी दे दी गई है। इस फैसले पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व PCB चेयरमैन रमीज राजा ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि मसूद को कमजोर टीम दी गई और फिर उन्हें खराब नतीजों पर निशाना बनाया गया। राजा ने यहां तक कह दिया कि अगर वह शान मसूद की जगह होते तो इस फैसले के खिलाफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में लिखित शिकायत करते।
मसूद के साथ इंसाफ नहीं हुआ
रमीज राजा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- जब टीम में बड़े और लगातार अच्छा करने वाले खिलाड़ी नहीं होंगे, तो कप्तान कितना भी अच्छा क्यों न हो, जीत दिलाना आसान नहीं होता। ऐसे में हार की पूरी जिम्मेदारी सिर्फ कप्तान पर डालना सही नहीं होगा।रमीज का मानना है कि अब यही मुश्किल बाबर आजम के सामने भी आने वाली है। वेस्टइंडीज दौरे के लिए जिस टीम का सिलेक्शन किया गया है, लगभग वही है जो शान मसूद को मिली थी। ऐसे में आजम के लिए भी अच्छे नतीजे लाना आसान नहीं होगा। बाबर आजम के साथ भी वही होने वाला है, क्योंकि उन्हें भी लगभग उसी तरह की टीम मिली है। अगर टीम मजबूत नहीं होगी तो कप्तान अकेला क्या कर लेगा?

16 टेस्ट मैच में 12 हार
गौरतलब है कि शान मसूद को 2023 के आखिर में पाकिस्तान की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था। लेकिन उनके कार्यकाल में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें से 12 मुकाबले हार गए। लगातार खराब नतीजों के बाद PCB ने कप्तानी बदलने का फैसला लिया और बाबर आजम को फिर से टेस्ट टीम की कमान सौंप दी।

कप्तानी बदलने का फैसला टीम के भले के लिए लिया गया
उधर, पाकिस्तान टीम के चीफ सिलेक्टर आकिब जावेद ने कहा- कप्तानी बदलने का फैसला टीम के भले के लिए लिया गया है। उनका कहना है कि टीम को अब ऐसे कप्तान की जरूरत है, जो खिलाड़ियों को साथ लेकर चले और टीम को ज्यादा मैच जिता सके। शान मसूद का व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा रहा, लेकिन कप्तान के तौर पर हमें वैसा रिजल्ट नहीं मिला जिसकी उम्मीद थी। इसलिए बदलाव करना जरूरी था। उन्होंने यह भी बताया कि सिलेक्शन कमेटी की बैठक में बाबर आजम के नाम पर सभी की सहमति थी और किसी दूसरे खिलाड़ी के नाम पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई।
जावेद ने यह भी कहा कि कप्तान की जिम्मेदारी सिर्फ बल्लेबाजी या कप्तानी तक सीमित नहीं होती। मैच खत्म कराना, सही समय पर DRS लेना, ओवर रेट बनाए रखना और टॉस के बाद सही फैसले करना भी कप्तान की बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है।

