बाबर आउट होगा तो ड्रामा करेगा: माइक बंद समझकर रमीज राजा ने कर दी इंसल्ट, कमेंट्री का वीडियो वायरल
Published: Updated:
3 min read

बाबर आजम साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे। रमीज राजा कमेंट्री पैनल में हैं। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम और पूर्व क्रिकेटर रमीज राजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। बाबर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रहे हैं। जबकि रमीज राजा कमेंट्री पैनल में हैं। इसी दौरान रमीज ने बाबर की सरेआम इंसल्ट कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
टेस्ट मैच में फील्ड अंपायर ने कैच आउट दिया तो बाबर ने DRS लिया था। इसी दौरान जब रीप्ले चल रहा था, तभी कमेंट्री कर रहे रमीज राजा को लगा कि माइक बंद है। इसी गलतफहमी में रमीज ने कह दिया कि बाबर आउट होगा तो ड्रामा करेगा। रमीज को नहीं पता था कि उनकी यह बात रिकॉर्ड हो रही है।
बाबर आजम DRS में नॉटआउट दिए गए
दरअसल, पाकिस्तान टीम इस समय अपने घर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला 12 अक्टूबर से लाहौर में खेला जा रहा है। पाकिस्तान टीम की बैटिंग के दौरान पहली पारी का 49वां ओवर स्पिनर सेनुरन मुथुसामी ने किया।
ओवर की पहली बॉल बाबर के बैट के ठीक पास से निकलकर विकेटकीपर के हाथों में गई। यहां कैच की अपील हुई तो फील्ड अंपायर ने आउट दिया। बाबर ने DRS लेकर फैसले को चुनौती दी। बाबर इस समय 1 रन बनाकर खेल रहे थे।
माइक बंद समझकर रमीज ने दिया ये बयान
थर्ड अंपायर इसे चेक कर रहे थे। इसी दौरान कमेंट्री पैनल में शामिल रमीज राजा को कहते सुना गया- ‘ये (बाबर) आउट है, ड्रामा करेगा।’ रमीज का यह बयान कमेंट्री का हिस्सा नहीं था। रमीज को नहीं पता था कि उनकी यह बात ऑनएयर हो जाएगी।
DRS में बाबर आजम को नॉटआउट दिया गया। बॉल किसी भी एंगल से बैट से छूकर नहीं गई थी। इसके बाद बाहर ने पहली पारी में 48 बॉल खेलकर 23 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पहली पारी में 378 रन बनाए। सलमान आगा और इमाम उल हक ने 93-93 रन बनाए।
इनके अलावा शान मसूद ने 76 और मोहम्मद रिजवान ने 75 रनों की पारी खेली। सऊद शकील खाता नहीं खोल सके। साउथ अफ्रीका की ओर से सेनुरन मुथुसामी ने शानदार गेंदबाजी की और 6 विकेट लिए।
दूसरे दिन साउथ अफ्रीका 216/6
लाहौर टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 6 विकेट गंवाकर 216 रन बना लिए हैं। टोनी डी जॉर्जी 81 और सेनुरन 6 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके अलावा रेयान रिकेल्टन ने 71 रन बनाए। कप्तान एडेन मार्करम 20 रन ही बना सके। पाकिस्तान के लिए स्पिनर नौमान अली ने 4 विकेट लिए। साजिद खान और सलमान अली को 1-1 विकेट मिला।

