स्नेह-प्रतिका और रेणुका को रेलवे ने अफसर बनाया: वुमन्स वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की 3 प्लेयर्स को सम्मान, OSD-Sports बनीं
Published:
3 min read

भारत की महिला क्रिकेट टीम की स्नेह राणा, प्रतिका रावल और रेणुका सिंह ठाकुर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सम्मानित किया।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने ICC Women’s Cricket World Cup 2025 में जीत हासिल की। इस ऐतिहासिक सफलता में अहम भूमिका निभाने वाली स्नेह राणा, प्रतिका रावल और रेणुका सिंह ठाकुर को उनके बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए रेल मंत्रालय ने खास सम्मान दिया है। मंत्रालय ने तीनों खिलाड़ियों को OSD (Sports) बनाया है। तीनों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन देकर ग्रुप ‘B’ में ऑफिसर बनाया गया है।
तीनों रेलवे की कर्मचारी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में ICC Women’s Cricket World Cup 2025 जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इस जीत में कई खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनमें से तीन खिलाड़ी स्नेह ,प्रतिका और रेणुका भारतीय रेलवे से भी जुड़ी हुई हैं। उनकी मेहनत और बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए रेल मंत्रालय ने उन्हें एक बड़ा सम्मान देने का फैसला किया।
रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक- इन तीनों खिलाड़ियों को OSD (Sports) के पद पर प्रमोशन दिया गया है। यह आउट ऑफ टर्न प्रमोशन है, जिसका मतलब है कि उनकी अचीवमेंट को देखते हुए उन्हें विशेष रूप से आगे बढ़ाया गया है।
सुविधाएं भी मिलेंगी
इस प्रमोशन के बाद वे लेवल-8 पे मैट्रिक्स (7th CPC) का वेतन और सुविधाएं पाने की हकदार होंगी। इससे तीनों खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और साथ ही रेलवे में स्पोर्ट्स से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। यह कदम न केवल प्लेयर को प्रोत्साहन देगा, बल्कि रेलवे में खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुछ समय पहले तीनों खिलाड़ियों को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सम्मानित भी किया था। तब भी उनके खेल कौशल और देश के लिए योगदान की तारीफ की गई थी।
1. प्रतिका रावल - ओपनिंग बैटर
दिल्ली की रहने वाली प्रतिका एक शानदार ओपनिंग बल्लेबाज हैं। उन्होंने पूरे वर्ल्ड कप कप में स्थिर और आक्रामक दोनों तरह की बल्लेबाजी की। महत्वपूर्ण मैचों में उनकी पारी ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। रेल मंत्रालय ने उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें OSD (Sports) के पद पर प्रमोट किया है।
2. रेणुका सिंह ठाकुर- पेस बाॅलर
रेणुका दाएं हाथ की मीडियम-फास्ट गेंदबाज हैं। वे लगातार अपनी धारदार गेंदबाजी से सामने वाली टीमों को परेशान करती रही हैं। विश्व कप के कई मैचों में उनके शुरुआती ओवरों ने ही मैच का रुख भारत की तरफ मोड़ दिया।
3. स्नेह राणा — ऑलराउंडर
उत्तराखंड की स्नेह भारत की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में से एक हैं। उन्होंने बैट और बाॅल से दोनों से बेहद अहम योगदान दिया। कई कठिन कंडीशन में उन्होंने टीम को संभाला और जीत की राह दिखाई। इस उपलब्धि को देखते हुए उन्हें भी OSD (Sports) बनाया गया है।
रेलवे स्पोर्ट्स को आगे रखती है
भारतीय रेल लंबे समय से खेल को समर्थन देती रही है। रेलवे के कई खिलाड़ी नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर भारत को रिप्रेजेंट करते हैं। इस तरह की पहल से खिलाड़ियों को न सिर्फ प्रेरणा मिलती है। इस से यंग जनरेशन को आगे बढ़ने की हिम्मत मिलती है।

