राहुल द्रविड़ ने छोड़ा राजस्थान टीम का कोच पद: IPL फ्रेंचाइजी ने बड़ी पोजिशन भी ऑफर की थी; कप्तान संजू सैमसन के भी टीम छोड़ने की खबर
Published:
2 min read

राहुल द्रविड़ ने 164 टेस्ट, 344 वनडे और 1 T20I मैच खेला है। उन्होंने IPL में कुल 89 मैच खेले, जिसमें 2174 रन बनाए। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में अभी काफी समय है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम में काफी उथल-पुथल नजर आ रही है। कोच राहुल द्रविड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पिछले साल ही यह जिम्मेदारी संभाली थी।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी खबरें काफी समय से चल रही हैं कि राजस्थान टीम के कप्तान संजू सैमसन भी फ्रेंचाइजी बदल सकते हैं। वे चेन्नई टीम में जा सकते हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी संजू को लेने में दिलचस्पी दिखा रही है।
द्रविड़ को बड़ी पोजिशन ऑफर की थी
द्रविड़ के कोच पद छोड़ने की जानकारी राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी ने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर द्रविड़ की फोटो शेयर करते हुए लिखा- पिंक जर्सी में रहते हुए आपने युवाओं और बाकी सभी को प्रेरित किया। हमेशा रॉयल, हमेशा ग्रेटफुल।
फ्रेंचाइजी ने कहा कि उन्होंने 52 साल के द्रविड़ को टीम में बड़ा रोल भी ऑफर किया गया था। उन्होंने पोस्ट में लिखा- रॉयल्स टीम में राहुल कई सालों से बेहद अहम हिस्सा रहे हैं। फ्रेंचाइजी ने राहुल को बड़ी पोजिशन का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
बतौर प्लेयर भी राजस्थान टीम से खेल चुके
द्रविड़ इससे पहले राजस्थान टीम के लिए बतौर प्लेयर और कप्तान खेल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने दूसरी बार टीम की कोचिंग संभाली थी। द्रविड़ को सबसे पहले 2011 की मेगा ऑक्शन में टीम ने बतौर प्लेयर खरीदा था।
पूर्व भारतीय कप्तान ने 2013 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इसके बाद 2014 और 2015 सीजन के लिए द्रविड़ को राजस्थान टीम का कोच बनाया गया था। इसके बाद BCCI से जुड़ने के कारण उन्होंने पद छोड़ दिया था। पिछले साल उन्हें फिर राजस्थान टीम का हेड कोच बनाया। मगर इस बार उन्होंने फिर पद छोड़ दिया। द्रविड़ टीम इंडिया के भी हेड कोच रह चुके हैं। द्रविड़ ने 164 टेस्ट, 344 वनडे और 1 T20I मैच खेला है। उन्होंने IPL में कुल 89 मैच खेले, जिसमें 2174 रन बनाए।

