राहुल द्रविड़ बन सकते हैं इंग्लैंड के टेस्ट कोच: ECB की शॉर्टलिस्ट में नाम; द वॉल की कोचिंग में भारत ने जीता 2024 T20 वर्ल्ड कप
Published: Updated:
2 min read

राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में मिस्टर डिपेंडेबल कहा जाता था। उनके नाम लगातार 173 पारियों में डक पर आउट नहीं होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। (फोटो सोर्स-@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ इंग्लैंड टेस्ट टीम के अगले हेड कोच बन सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की शॉर्टलिस्ट में उनका नाम शामिल है। हालांकि, रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि द्रविड़ फिलहाल फुल-टाइम कोचिंग के लिए इंटरेस्टेड नहीं हैं। द्रविड़ भारतीय टीम के भी हेड कोच रह चुके हैं। उनके रहते भारतीय टीम ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
न्यूजीलैंड सीरीज के बाद फैसला
इंग्लैंड ने हाल ही में अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 1-2 से गंवाई। इसी के बाद ECB ने मैक्कुलम को टेस्ट टीम के हेड कोच पद से हटाने का फैसला लिया। हालांकि, वह व्हाइट बॉल क्रिकेट (ODI और T20)के हेड कोच बने रहेंगे। अब ECB जल्द ही नए टेस्ट हेड कोच के नाम का ऐलान कर सकता है।

द्रविड़ के साथ कई बड़े नाम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल द्रविड़ के अलावा एंडी फ्लावर और रिचर्ड डॉसन भी रेस में हैं। इसके अलावा कुमार संगाकारा, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, माइक हेसन और जस्टिन लैंगर के नाम शामिल है।
फुल टाइम कोचिंग में दिलचस्पी नहीं
डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल द्रविड़ फिलहाल फुल-टाइम कोचिंग नहीं करना चाहते। हालांकि, इंग्लैंड की टेस्ट टीम के साथ काम करने पर उन्हें परिवार के साथ ज्यादा समय मिल सकता है। ECB इसी बात को लेकर उनसे बातचीत कर सकता है।

मैक्कुलम का कार्यकाल
ECB ने 2022 में ब्रैंडन मैक्कुलम को टेस्ट टीम का हेड कोच बनाया था। उसी समय बेन स्टोक्स को टेस्ट कप्तान बनाया गया और 'बैजबॉल' की शुरुआत हुई। मैक्कुलम के कार्यकाल में इंग्लैंड ने 49 टेस्ट खेले। इनमें 27 जीते और 20 हारे।
घरेलू मैदान पर टीम ने 28 में से 18 टेस्ट जीते, लेकिन विदेश में परफॉमेंस निराशाजनक रही। इंग्लैंड भारत (2023-24) और पाकिस्तान (2024-25) में टेस्ट सीरीज हार गया। टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी।

