द्रविड़ ने कोहली को कहा कम हाइट का प्लेयर: पूर्व कप्तान तुरंत बोले- विराट ये बात सुनेंगे तो मुझसे गुस्सा हो सकते हैं
Published:
2 min read

द्रविड़ ने नवंबर 2021 से जून 2024 तक टीम इंडिया की कोचिंग की है। उनकी कोचिंग में कोहली कम समय के लिए कप्तान रहे। (Instagram)
स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ ने विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर को लेकर एक बयान दिया है। द्रविड़ ने तीनों को कम हाइट का प्लेयर बताते हुए इन सभी की तारीफ की है। हालांकि उन्होंने तुरंत कहा कि मेरी यह बात शायद कोहली को पसंद नहीं आएगी। वो मुझसे गुस्सा हो सकते हैं।
द्रविड़ ने एक यूट्यूब पोडकास्ट में कहा- “गावस्कर का बैलेंस (क्रीज पर) बहुत ही शानदार था। मैं याद है जिस तरह वे खड़े होते थे उसमें एक स्थिरता होती थी। यही बात मुझे पसंद भी थी। मैं थोड़ा ऊंची हाइट का था, इसलिए मैं कॉपी नहीं कर पाता था। मैं उनके जैसे खड़े होता था तो अनकम्फर्टेबल रहता था।”
कोहली को लेकर द्रविड़ ने कही ये बात
उन्होंने कहा- “तेंदुलकर भी शानदार बैलेंस के साथ खड़े होते थे। छोटी हाइट के प्लेयर्स को काफी फायदा होता है। उनका बैलेंस काफी अच्छा बनता है। लोग भी यही कहते हैं। क्रिकेट के जितने भी महान बैटर रहे हैं, वे ज्यादातर कम हाइट के ही रहे हैं।”
“गावस्कर, तेंदुलकर, ब्रायन लारा और रिकी पोंटिंग को ही देख लीजिए। सर डोनाल्ड ब्रेडमैन भी। कोहली की हाइट भी कम है। विराट कोहली यह सुनेगा कि उसे कम हाइट का प्लेयर कहा है, तो वो मुझे पसंद नहीं करेगा।”
द्रविड़ ने की लंबी हाइट के प्लेयर्स की तारीफ
लंबे कद के प्लेयर्स की तारीफ में द्रविड़ बोले- “हालांकि आज गेम बदल रहा है। अब क्रिकेट पावर हिटिंग और ज्यादा छक्के मारने का गेम हो गया है। ऐसे में लंबी हाइट के प्लेयर्स को ज्यादा फायदा मिल रहा है। फिजिक्स भी यही कहता है। केविन पीटरसन, कीरोन पोलार्ड को ही देख लीजिए, जिस तरह से वे टी20 में बैटिंग करते हैं।”
द्रविड़ ने की भारतीय टीम की कोचिंग
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल के साथ टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अब यह दोनों ही प्लेयर सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेल रहे हैं। इनका टारगेट अगला वर्ल्ड कप 2027 जीतना है। द्रविड़ ने नवंबर 2021 से जून 2024 तक टीम इंडिया की कोचिंग की है। उनकी कोचिंग में कोहली कम समय के लिए कप्तान रहे। ज्यादातर समय रोहित ने ही कप्तानी संभाली थी।

