एंडी पायक्राफ्ट टीम इंडिया के परमानेंट मैच फिक्सर: रमीज राजा बोले- बायकॉट करते तो हमारी क्रिकेट तबाह हो जाती, भारत को हराएंगे
Published:
3 min read

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और कप्तान रमीज राजा ने एशिया कप 2025 में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को टीम इंडिया का परमानेंट मैच फिक्सर कहा है। (फोटो क्रेडिट: सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और कप्तान रमीज राजा ने एशिया कप 2025 में मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को टीम इंडिया का परमानेंट मैच फिक्सर कहा है। राजा के मुताबिक- पाकिस्तान ने धमकी के बावजूद एशिया कप का बायकॉट इसलिए नहीं किया, क्योंकि इससे मुल्क में क्रिकेट तबाह हो जाती।
पहले विवाद जानिए, फिर आगे की बात
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार 14 सितंबर भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो यह जीत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों को डेडिकेट करते हैं। उन्होंने यह जीत भारतीय सेना और शहीदों को भी डेडिकेट की थी।

अब राजा की बात सुनिए
लाहौर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के हेडक्वार्टर के बाहर राजा ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ PCB चीफ मोहसिन नकवी और पूर्व PCB चेयरमैन नजम सेठी भी मौजूद थेराजा ने कहा- ICC ने एंडी पायक्रॉफ्ट को एशिया कप में मैच रेफरी इसलिए अपॉइंट किया, क्योंकि वो टीम इंडिया के परमानेंट फिक्सर हैं। उन्होंने टीम इंडिया के 90 मैच ऑफिशिएट किए हैं। राजा ने कहा- ICC के खिलाफ ये हमारी जीत है। ये अच्छी बात है कि हमने बायकॉट का फैसला नहीं किया, क्योंकि ये इमोश्नल डिसीजन होता और इसके हमारे मुल्क में क्रिकेट तबाह हो जाती।
पाकिस्तान को मदद की जरूरत
राजा ने एक सवाल के जवाब में कहा- इस वक्त पाकिस्तान क्रिकेट को किसी से टकराने की जरूरत नहीं है, हमें तो मदद चाहिए। पाकिस्तान की टीम को भी मैदान पर फ्रस्ट्रेशन नहीं दिखानी चाहिए। सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद और पहले जो किया, उसे क्रिकेट नहीं कहते। वो क्रिकेटर से ज्यादा सियासतदान लग रहे थे।
राजा ने एक और सवाल के जवाब में कहा- हम क्रिकेटर हैं। हमें नेता बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। एंडी पायक्रॉफ्ट तो इंडिया के फेवरेट मैच रेफरी हैं। उन्होंने टीम इंडिया के 90 मैच ऑफिशिएट किए हैं।

