किसी की सहानुभूति नहीं चाहिए: शतक लगाने के बाद पृथ्वी शॉ ने कहा- फिर से शुरुआत करने में कोई दिक्कत नहीं
Published:
3 min read

पृथ्वी शॉ ने अब तक 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 339 और वनडे में 189 रन बनाए। (सोशल मीडिया)
भारतीय टीम में एंट्री के लिए जूझ रहे ओपनर पृथ्वी शॉ ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने महाराष्ट्र के लिए खेलते हुए बुची बाबू टूर्नामेंट के दूसरे दिन (19 अगस्त) छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक लगाया। इसके बाद 25 साल के पृथ्वी शॉ ने कहा कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी। इस ओपनर ने कहा कि टीम इंडिया में वापसी के लिए फिर से शुरुआत करने में कोई दिक्कत नहीं है। पृथ्वी शॉ ने कहा कि उन्हें किसी की सहानुभूति नहीं चाहिए।
पृथ्वी शॉ ने 111 रन की पारी खेली। इस दौरान 14 चौके और 1 छक्का लगाया। पृथ्वी शॉ ने अक्टूबर 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। तब उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट टेस्ट खेला था।
पृथ्वी शॉ ने अब तक 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है। इस दौरान उन्होंने टेस्ट में 339 और वनडे में 189 रन बनाए। टी20 में खाता नहीं खोल सके थे। पृथ्वी शॉ ने एक टेस्ट शतक भी लगाया है। भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच 25 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टी20 खेला था।
भविष्य की नहीं सोचता, वर्तमान पर फोकस है
दूसरे दिन खेल खत्म होने के बाद पृथ्वी शॉ कहा- “फिर से शुरुआत करने में मुझे कोई दिक्कत नहीं है। मैंने जीवन में बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं ऊपर गया, नीचे आया और फिर ऊपर गया हूं। मेरा मानना है कि कुछ भी संभव है। मुझे खुद पर विश्वास है।”
खराब फिटनेस के कारण पिछले सीजन में मुंबई की रणजी टीम से पृथ्वी शॉ को बाहर कर दिया गया था। अब उन्होंने खुद की फिटनेस पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। इस ओपनर ने कहा कि वे डाइटीशियन को फॉलो कर रहे हैं और प्रोपर ट्रेनिंग भी ले रहे हैं। पृथ्वी शॉ ने कहा कि वे पहले काफी ज्यादा सोचते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं करते और वर्तमान में जीते हैं।
उन्होंने कहा- "मेरे पास एक शेड्यूल है। मैं हर दिन इसी पर फोकस कर रहा हूं। एक-दो महीने बाद क्या होगा, मैं यह नहीं देखना चाहता। मैं वर्तमान में रहने की कोशिश करता हूं।"
सोशल मीडिया से दूरी बना ली
अपने गेम पर फोकस करने के लिए पृथ्वी शॉ ने सोशल मीडिया से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा- "मैं अब सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताने की कोशिश नहीं कर रहा। ध्यान भटकाने वाली चीजें बिल्कुल पसंद नहीं हैं। आजकल सोशल मीडिया काफी बुरी है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा समय नहीं बिताना चाहता। जब मैं सोशल मीडिया से यूज नहीं करता तब बहुत शांति रहती है।"
पृथ्वी शॉ ने कहा- "मैंने कभी हार नहीं मानी। मैं हमेशा कुछ ना कुछ सीखता रहता हूं। मुझे खुद पर पूरा भरोसा है। मेरे परिवार और कोच प्रशांत शेट्टी ने मुश्किल समय में मेरा बहुत साथ दिया है। मेरे पीछे बहुत सपोर्ट है। मैं उन्हें यह एहसास नहीं दिलाना चाहता कि मैं पूरी कोशिश नहीं कर रहा हूं।"

