लखनऊ के प्रिंस से मिलिए: पिता का सपना- बेटा डॉक्टर या इंजीनियर बने; मां बोलीं- खेलना चाहता है तो खेलने दो न- यहां स्पेशल स्टोरी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट में हर दिन कोई न कोई नया प्ल्येर उभरता है, लेकिन कुछ कहानियां सिर्फ स्कोरकार्ड से आगे जाकर दिल छू लेती हैं। ऐसी ही एक कहानी है प्रिंस यादव की, जिन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत से न सिर्फ इंडियन प्रीमियर लीग तक का सफर तय किया, बल्कि विराट कोहली को बोल्ड कर सबको चौंका दिया। यह कहानी है एक पिता के सपने, एक बेटे के जुनून और उस वादे की, जो आखिरकार पूरा हुआ।
प्रिंस के पिता राम निवास यादव ने RevSportz को दिए इंटरव्यू में बेटे के क्रिकेट सफर पर कुछ अहम बातें कहीं। यहां उस इंटरव्यू की कुछ खास बातें....
इतना खेलेगा तो पागल हो जाएगा
बचपन से ही प्रिंस को क्रिकेट का बहुत शौक था। हम सोचते थे, ये इतना क्रिकेट खेलेगा तो पागल हो जाएगा। उसमें बहुत जुनून था। मैंने मजाक में प्रिंस से कहा था- कम से कम कोहली का विकेट तो लेना। वह सबसे बड़ा विकेट है। तब उसने कहा था- RCB से एक मैच और है, मैं कोशिश करूंगा। आसान नहीं है, लेकिन पूरी कोशिश करूंगा और फिर वही हुआ जो किसी फिल्मी कहानी जैसा लगता है। अगले मुकाबले में प्रिंस ने इनस्विंगर पर कोहली को बोल्ड कर दिया।
पिता की डांट और मां का सपोर्ट
प्रिंस के पिता आगे कहते हैं- उसके क्रिकेट की शुरुआत गली क्रिकेट और टेनिस बॉल से हुई। मैंने उसे क्रिकेट से दूर रखने की कोशिश की थी, क्योंकि इंडिया में क्रिकेट को लेकर कॉम्पटिशन बहुत ज्यादा है। मैं चाहता था कि वह पढ़ाई करे, इंजीनियर या डॉक्टर बने। लेकिन उसे क्रिकेट ही पसंद था।
पत्नी ने सब कुछ संभाल लिया था। उन्होंने कहा था- जब उसे क्रिकेट में इतना इंटरेस्ट है तो उसे जबरदस्ती पढ़ाई क्यों कराएं? जब वह 17-18 साल का था, तब मैंने भी उसे छोड़ दिया और सोचा कि अब इसे बस क्रिकेट ही खेलने दो।

जी...ये आपका ही बेटा है...
प्रिंस के पिता ने आखिर में कहा- 2025 इंडियन प्रीमियर लीग में प्रिंस यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स ने मौका दिया। दिलचस्प बात यह है कि 2023 में वह इसी टीम के नेट बॉलर भी रह चुके थे। बाद में 2024 में DPL में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद उन्हें 2025 IPL सीजन के लिए टीम में चुन लिया गया। सिलेक्शन के समय थोड़ा कन्फ्यूजन भी हुआ। दरअसल, उस ऑक्शन में एक और खिलाड़ी का नाम भी प्रिंस यादव था। लेकिन बाद में टीम मालिक संजीव गोयनका ने खुद मुझे कन्फर्म करते हुए कहा- हां, यही आपका बेटा है।

140 किमी/घंटा का सपना
प्रिंस हमेशा मानते थे कि अगर उन्हें आगे बढ़ना है तो स्पीड पर फोकस करना होगा। वो कहते हैं- अगर मैं 140 किमी/घंटा की रफ्तार रखूंगा, तभी सिलेक्टर्स मुझे नोटिस करेंगे। प्रिंस के सफर में कई मुश्किलें भी आईं। फाइनेंशियल दिक्कत, परिवार से दूर रहना और यहां तक कि एक बार बैन भी उनके करियर का हिस्सा रहा। लेकिन, इन सबके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी।

इस IPL में परफॉर्मेंस
2026 के IPL में अब तक (13 मई 2026 तक ) प्रिंस ने 11 मैच में 16 विकेट लिए। वो पर्पल कैप की रेस में शामिल हैं। अब तक इस सीजन में उनका बॉलिंग एवरेज 20.94, इकॉनमी रेट 8.17 और स्ट्राइक रेट 15.38 रहा है। बेस्ट 3/32 रहा। ये उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हासिल किया था।

