नेताओं के बेटे क्रिकेट मैदान में: पप्पू यादव के बेटे को KKR ने 30 लाख में खरीदा; इस फेहरिस्त में लालू और कुलदीप बिश्नोई के बेटे भी शामिल
Published:
3 min read

सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक को IPL 2026 के मिनी-ऑक्शन में KKR ने 30 लाख रुपए में खरीदा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि जुनून है। राजनीति भी देश की दिशा तय करने वाली नींव है। जब इन दोनों का मेल होता है तो मामला और दिलचस्प हो जाता है। हालिया वक्त में कई ऐसे प्लेयर सामने आए हैं, जिनका नाता न सिर्फ क्रिकेट से बल्कि राजनीति से भी रहा है। इस खबर में हम तेजस्वी यादव, सार्थक रंजन और चैतन्य बिश्नोई जैसे नामों के बारे में बात करेंगे।
तेजस्वी यादव
तेजस्वी पेशेवर क्रिकेटर रह चुके हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में झारखंड की ओर से खेला। इसके अलावा IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स का हिस्सा रह चुके हैं।
तेजस्वी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे हैं। तेजस्वी 2008 से 2012 तक 4 IPL सीजन में दिल्ली की टीम में शामिल रहे। हालांकि उन्हें कभी प्लेइंग 11 में खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कहकर पूरी तरह राजनीति में कदम रखा। आज वे बिहार की राजनीति में एक बड़ा नाम हैं और उपमुख्यमंत्री जैसे अहम पद पर भी रह चुके हैं।
सार्थक रंजन
सार्थक जाने-माने राजनेता और सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन) के बेटे हैं। उनकी मां रंजीत रंजन भी छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद हैं। सार्थक हाल ही में IPL 2026 की मिनी-नीलामी में KKR द्वारा 30 लाख रुपए के बेस प्राइस पर खरीदे गए।
सार्थक एक टॉप-ऑर्डर बैटर हैं और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली की ओर से खेलते हैं। वो 2025 की दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बने। हालांकि उनका फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए रिकॉर्ड बहुत खास नहीं रहा, लेकिन टी20 टूर्नामेंट में हालिया फॉर्म ने IPL स्काउट्स का ध्यान खींचा।
पहले उनके चयन को लेकर भाई-भतीजावाद (नेपोटिज्म) के सवाल भी उठे थे, लेकिन सार्थक ने अपने प्रदर्शन से खुद को साबित करने की कोशिश की। उनके आईपीएल में चुने जाने पर उनके पिता ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश भी साझा किया, जिसे परिवार के लिए गर्व का पल माना जा रहा है।
चैतन्य बिश्नोई
चैतन्य टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज हैं। वे 29 साल के हैं और 2018 में IPL की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं। इसके बाद 2023 की शुरुआत में वे क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका चले गए।
अमेरिका में उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2023 में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए सभी पांच मैच खेले। इसके अलावा वे माइनर लीग क्रिकेट में डलास एक्सफोरिया जायंट्स टीम के अहम खिलाड़ी रहे। चैतन्य ने कॉलेज क्रिकेट में भी सफलता हासिल की और हैटफील्ड कॉलेज की ओर से खेलते हुए खिताब जीता।
चैतन्य का पॉलिटिकल बैकग्राउंड भी मजबूत है। उनके माता-पिता, कुलदीप और रेनुका बिश्नोई, हरियाणा की राजनीति में हैं, जबकि दादा भजन लाल हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

