Modi Meets World Champions: PM सर आपकी स्किन केयर का राज क्या है, दीप्ति ने हनुमान जी के टैटू के बारे में बताया; प्रधानमंत्री और टीम इंडिया की बातचीत के खास लम्हे यहां
Published:
4 min read

PM मोदी ने बुधवार रात विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की।
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स ODI वर्ल्ड कप चैंपियन 2025 जीतने के बाद टीम इंडिया ने बुधवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रही, यहां आस्था और त्वचा की चमक को लेकर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने भी हमारी विश्व विजेता लड़कियों के साथ बहुत खूबसूरत वक्त गुजारा। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर, उप कप्तान स्मृति मंधाना, हेड कोच अमोल मजूमदार और BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास भी मौजूद रहे।
आगे भी आपसे मिलना चाहेंगे
हरमनप्रीत कौर ने मुस्कुराते हुए कहा- 2017 में भी हम आपसे मिले थे, लेकिन तब हमारे पास ट्रॉफी नहीं थी। इस बार हम मेहनत का फल लेकर आए हैं। हमारी कोशिश है कि आगे भी हम जीतकर आपसे बार-बार मिलने आएं।जवाब में मोदी ने कहा- आप सबने शानदार काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं है, बल्कि लोगों की जिंदगी का हिस्सा है। जब क्रिकेट में कुछ अच्छा होता है तो पूरा देश खुश होता है, और अगर थोड़ा भी बुरा होता है तो सब उदास हो जाते हैं।

हरलीन ने स्किन ग्लो का राज पूछा
मुलाकात का सबसे मजेदार पल तब आया जब बल्लेबाज हरलीन देओल ने प्रधानमंत्री से मजाकिया अंदाज में पूछा- सर, आपकी स्किन इतनी ग्लो करती है, आप कौन-सा स्किन केयर रूटीन अपनाते हैं? इस पर मोदी ने हंसते हुए जवाब दिया- मैं इन सब चीजों के बारे में सोचता ही नहीं। उनके इस जवाब पर हॉल ठहाकों से गूंज उठा। इस पर स्नेह राणा ने जवाब दिया- यह सारे देशवासियों का प्यार है आपके लिए।

दीप्ति का हनुमान टैटू
मोदी ने ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान जी के टैटू के बारे में सवाल किया। पूछा- क्या यह टैटू तुम्हे मदद करता है? इस पर दीप्ति ने कहा- खुद से ज्यादा हनुमान जी पर भरोसा है। वो ही सारी मुश्किल से निकलने मदद करते हैं। इसके बाद मोदी ने कहा- आप सोशल मीडिया अकाउंट पर जय श्री राम भी लिखती हैं।
आपने हमें इंस्पायर किया
स्मृति मंधाना ने मोदी से कहा- 2017 में जब हम आपसे मिले थे, तब आपने हमें इंस्पायर किया था, वही हमारी मेहनत की ताकत बनी। आज महिलाएं हर फील्ड में आगे बढ़ रही हैं, चाहे वो खेल हो या ISRO जैसा बड़ा ऑर्गेनाइजर। यह बदलाव हमें और मेहनत करने की प्रेरणा देता है।

आपसे मिलना हकीकत बन गया
टीम के कोच अमोल मजूमदार ने प्रधानमंत्री से कहा- कुछ महीने पहले इंग्लैंड दौरे पर टीम ने किंग चार्ल्स से मुलाकात की थी। वहां 20 लोगों का ही मीटिंग प्रोटोकॉल था। तब मैंने अपनी टीम और सपोर्ट स्टाफ से कहा था- हम अगली बार पीएम मोदी से मिलेंगे, लेकिन ट्रॉफी के साथ। और अब वही सपना हकीकत बन गया।

स्कूली बच्चों को मोटिवेट करो
मोदी ने टीम से कहा- जब आप अपने शहर लौटें तो अपने पुराने स्कूल जाकर बच्चों से बात करें। जब बच्चे आपसे मिलेंगे तो इंस्पायर होंगे और आपको हमेशा याद रखेंगे। साल में तीन स्कूल जाकर बच्चों से बात करें, इससे आपको भी नया अनुभव मिलेगा और बच्चों को सीखने को मिलेगा ।

साउथ अफ्रीका से फाइनल जीता
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इससे पहले महिला टीम दो बार 2005 और 2017 में वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब नहीं जीत पाई थी। इस बार घरेलू मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने अपने सपने को साकार कर दिखाया।
PM मोदी ने प्रतिका को फूड सर्व किया
भारतीय खिलाड़ी जहां खाना खा रही थीं, वहीं PM मोदी आ गए। भारतीय ओपनर प्रतिका रावल व्हीलचेयर पर बैठकर ही खाना खा रही थीं। इसी दौरान PM मोदी ने अपनी पसंद का स्नैक्स उठाकर प्रतिका को दिया। यह देख सभी खिलाड़ी इमोशनल हो गए।

