एशिया कप विक्ट्री पर PM के रिएक्शन पर तंज: कांग्रेस नेता बोले- क्रिकेट मैच की तुलना जंग के मैदान से करना ठीक नहीं
Published:
3 min read

भारत और पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार क्रिकेट के मैदान पर भिड़े थे। फाइल फोटो।
नेशनल डेस्क: भारत ने रविवार रात पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीत लिया। इस जीत पर PM मोदी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि खेल के मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर जारी है। इस पर कांग्रेस ने तंज कसा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लिखा कि क्रिकेट मैच की तुलना जंग के मैदान से करना ठीक नहीं है।
भारत ने पाक को 3 बार पटखनी दी
भारत और पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार क्रिकेट के मैदान पर भिड़े थे। टीम इंडिया ने इस एशिया कप के तीनों मैच में पाकिस्तान को पटखनी दे दी। टूर्नामेंट से पहले बात उठी थी कि भारत को पाकिस्तान से किसी भी कीमत पर मैच नहीं खेलना चाहिए। हालांकि, भारतीय क्रिकेट बोर्ड यानी BCCI ने दलील दी कि वे मल्टीनेशनल टूर्नामेंट का ऐसे बायकॉट नहीं कर सकते। आखिरकार टीम इंडिया ने एशिया कप खेला भी और पाकिस्तान को तीन बार परास्त भी किया।
PM ने लिखा- खेल के मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर
फाइनल जीतने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का भी रिएक्शन आया। उन्होंने लिखा- खेल के मैदान पर भी ऑपरेशन सिंदूर। नतीजा वहीं- भारत की जीत। हमारे क्रिकटरों को बधाई।

कांग्रेस का तंज
PM के ट्वीट पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लिखा- प्रधानमंत्री जी, पहली बात तो क्रिकेट मैच की तुलना युद्ध के मैदान से करना ठीक नहीं है। दूसरी बात, अगर आपने तुलना कर ही दी तो आपको भारतीय टीम से यह सीखने की जरूरत है कि जब जीत के करीब हों, तो किसी थर्ड अंपायर के कहने पर अच्छे कप्तान सीजफायर नहीं करते।

दरअसल, कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियां सरकार पर इल्जाम लगाती हैं कि ऑपरेशन सिंदूर के वक्त भारत फ्रंट फुट पर था तो अचानक सीजफायर का फैसला क्यों लिया गया। जबकि सरकार का कहना है कि पाकिस्तानी सेना की रिक्वेस्ट पर जंग रोकने का फैसला किया गया था।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहलगाम का बदला
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने टूरिस्ट्स से धर्म पूछकर गोलियां मारी थीं। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के ही एक ग्रुप TRF ने ली थी।
पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाक के कब्जे वाले कश्मीर (POK) और पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। इस हमले में जैश ए मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य और साथी मारे गए। 100 से ज्यादा आतंकी ढेर हुए।
जवाब में पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला किया, लेकिन उन्हें नाकाम कर दिया गया। इसके बाद भारत ने 9 मई को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। इससे पाकिस्तान के सैन्य संसाधनों को बहुत नुकसान हुआ। 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया।

