हैंडशेक पर नाटक कर रहा PCB: पाकिस्तानी जर्नलिस्ट ने कहा- मैच रेफरी बेवजह निशाना बने, दुनिया हमारा मजाक उड़ा रही है
Published:
4 min read

पाकिस्तान ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में एंट्री कर ली।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट विवादों से निकलने का नाम नहीं ले रहा। पाकिस्तान के मशहूर और सीनियर जर्नलिस्ट वहीद खान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और टीम मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीद के मुताबिक- टीम इंडिया ने मैच से काफी पहले ही हैंडशेक न करने का फैसला कर लिया था। इसकी जानकारी पाकिस्तान को पहले ही थी। इसके बावजूद भी PCB ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को निशाना बनाया।
हमने अपना तमाशा खुद बनाया
वहीद खान ने अपने यूट्यूब चैनल पर खुद तमाम जानकारी दी है। वो खुद भी टूर्नामेंट कवर करने के लिए UAE में हैं।
वहीद ने कहा - 17 सितंबर को UAE के खिलाफ मैच से पहले PCB और उनकी टीम का तमाशा दुनिया ने देखा। सच्चाई ये है कि हमने दुनिया के सामने खुद तमाशा और मजाक बन चुके हैं और इसका जिम्मेदार PCB और पाकिस्तान टीम है। इन लोगों के पास दिमाग तो है ही नहीं। खान कहते हैं- हमने पहले एशिया कप के बायकॉट का ऐलान किया। PCB अच्छी तरह जानती थी कि वो एशिया कप का बायकॉट नहीं कर सकती। ऐसा सिर्फ वही कर सकता है जिसके पास फाइनेंशिल स्ट्रैन्थ हो और जिसकी चार देश सुनते हों।UAE के खिलाफ मैच से पहले हमारी टीम एक घंटे तक होटल से नहीं निकली। इसी एक घंटे में जमकर ड्रामा हुआ।
वहीद ने आगे कहा- पहले अफवाह उड़ाई गई कि टाॅस 7:30 होगा। फिर 8 बजे का टाइम दिया गया। जब मैच खेलना था तो इतना नाटक क्यों किया। इसके बाद मैच एक घंटे की देरी से यानी 9 बजे रात को शुरू हो सका।

वहीद खान के दावे
वहीद के मुताबिक- पाकिस्तान को मैच से पहले ही यह साफ तौर पर बता दिया गया था कि टीम इंडिया पाकिस्तानी प्लेयर्स या स्टाफ से हैंडशेक नहीं करेगी। इसके बावजूद PCB ने जानबूझकर इस मुद्दे को उठाकर सिमपैथी हासिल करने की कोशिश की। इसमें उनका मजाक बन गया और अब भी बन रहा है।
वहीद ने आगे कहा- मैच रेफरी पायक्रॉफ्ट को इस मुद्दे में गलत घसीटा गया। वो तो सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। असली मामला कुछ और था, लेकिन PCB ने सारा ठीकरा मैच रेफरी के सिर फोड़ने की साजिश रची। सच तो यह है कि पाकिस्तान क्रिकेट अब इंटरनेशनल लेवल पर मजाक बन चुका है।
फैंस को बेवकूफ बनाया
खान ने आखिर में कहा- PCB और टीम मैनेजमेंट ने इस हैंडशेक ड्रामे का इस्तेमाल फैंस की भावनाओं से खिलवाड़ के लिए किया। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को बढ़ाचढ़ा कर दिखाया गया ताकि टीम इंडिया की बदनामी हो सके।
पाकिस्तान Vs UAE : ब्रीफ मैच समरी
पाकिस्तान टीम ने बुधवार (17 सितंबर) को हुए करो या मरो के मुकाबले में UAE को 41 रन से शिकस्त दी। इसके साथ ही एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड में एंट्री कर ली। अब एक बार फिर भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। यह मैच सुपर-4 राउंड के तहत रविवार (21 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
एक घंटे की देरी से शुरू हुए इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 147 रन का टारगेट दिया। फखर जमां ने फिफ्टी लगाई। साइम अयूब लगातार तीसरे मैच में जीरो पर आउट हुए।
फखर ने 36 बॉल पर सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली। 9वें नंबर पर बैटिंग करने आए शाहीन अफरीदी ने 14 बॉल पर नाबाद 29 रन बनाए। इस दौरान 2 छक्के लगाए। कप्तान सलमान अली आगा ने 27 बॉल खेलकर सिर्फ 20 रन बनाए।
UAE की टीम 105 रन ही बना सकी
147 रन के टारगेट के जवाब में UAE की टीम 17.4 ओवर में 105 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया। टीम के लिए राहुल चोपड़ा ने सबसे ज्यादा 35 रनों की पारी खेली। उनके बाद ध्रुव पाराशर ने 20 रन बनाए।
मैच में पाकिस्तान की गेंदबाजी थोड़ी देर में रंग लाई, लेकिन मैच जिता दिया। शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और अबरार अहमद ने 2-2 विकेट लिए। सईम अयूब और सलमान अली ने 1-1 विकेट लिया।

