बाबर-रिजवान समेत सीनियर्स को घरेलू क्रिकेट खेलना जरूरी: नकवी ने दी सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से बाहर करने की धमकी, कहा- अब स्टैंडर्ड सुधारना है
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और शाहीन शाह अफरीदी समेत तमाम सीनियर खिलाड़ियों के लिए एक फरमान जारी किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि सीनियर खिलाड़ियों को हर हाल में घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करेंगे तो सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया जाएगा।
पाकिस्तान टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद नकवी ने पूर्व खिलाड़ियों की सलाह पर यह फैसला लिया है। नकवी ने कहा कि अब खेल का स्टैंडर्ड सुधारना है, इसलिए यह फैसले लिए जा रहे हैं। टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट ने अपनी रिपोर्ट में यह दावा किया है।
टेस्ट में बांग्लादेश ने दो बार क्लीन स्वीप किया
पाकिस्तान टेस्ट टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। बांग्लादेश टीम ने पहले पाकिस्तान को उसके घर में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। इसके बाद अपने घर में बुलाकर पाकिस्तान को लगातार दूसरी बार टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया।
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) में भी पाकिस्तान टीम का बुरा हाल रहा है। पिछले सीजन में यह टीम 9वें नंबर पर रही थी। अभी मौजूदा सीजन की पॉइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है।

वर्ल्ड कप में भी टीम का खराब प्रदर्शन
ICC टूर्नामेंट में भी पाकिस्तान टीम का बुरा हाल रहा है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 और वनडे वर्ल्ड कप 2023 के साथ चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान टीम पहले ही राउंड में बाहर हो गई थी। इस साल हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी यह टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंची थी।
नकवी और कोच हेसन ने क्या कहा?
Telecomasia के मुताबिक, नकवी ने कहा- अपने खेल के स्टैंडर्ड को उठाने के लिए हम चाहते हैं कि हमारे सभी टॉप प्लेयर्स घरेलू क्रिकेट खेलें। जो भी प्लेयर फर्स्ट क्लास क्रिकेट नहीं खेलेगा, उसे सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलेगा।
पाकिस्तान की व्हाइट बॉल क्रिकेट टीम के कोच माइक हेसन ने भी इस नए फॉर्मूले को सपोर्ट किया है। उनका कहना है कि अब सिर्फ प्लेयर का परफॉर्मेंस ही देखा जाएगा। उन्होंने कहा- यह डेटा बेस्ड फॉर्मूला है। इससे उन खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा, जो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का फॉर्मेट भी बदलेगा
रिपोर्ट के मुताबिक, नकवी ने यह भी बताया है कि अब से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का फॉर्मेट भी बदल दिया जाएगा। A, B, C, D कैटेगरी की जगह अब 5 फॉर्मेट-बेस्ड फॉर्मूला अपनाया जाएगा। यह स्ट्रक्चर वर्ल्ड क्रिकेट में किसी ने भी नहीं आजमाया है। आइए जानते हैं नए फॉर्मूले के तहत किस प्लेयर को किस कैटेगरी में रखा जाएगा…
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का नया फॉर्मूला
ट्रैक AB - टेस्ट और वनडे खेलने वाले प्लेयर्स
ट्रैक A- सिर्फ टेस्ट खेलने वाले प्लेयर्स
ट्रैक BC - वनडे और टी20 खेलने वाले प्लेयर्स
ट्रैक C - टी20 और फ्रेंचाइजी लीग खेलने वाले प्लेयर्स
ट्रैक D - हाई परफॉर्मेंस एकेडमी में ट्रेनिंग लेने वाले खिलाड़ी

