क्या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ नकवी भारत आएंगे: IPL फाइनल का इन्विटेशन, ICC मीटिंग भी; जानिए पूरा मामला
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के फाइनल का इन्विटेशन दिया गया है। यह दावा पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो सुपर ने अपनी रिपोर्ट में किया है। फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
खास बात यह भी है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की मीटिंग भी 30 और 31 मई को अहमदाबाद में ही होनी है। इस मीटिंग के लिए भी नकवी को इन्विटेशन दिया गया है। ऐसे में सवाल बनता है कि क्या नकवी भारत आएंगे या मीटिंग स्कीप करेंगे।

प्रधानमंत्री से परमिशन मांगी
हालांकि ICC सोर्स का कहना है कि प्रोटोकॉल के तहत ही सभी बोर्ड सदस्यों को इन्विटेशन भेजा गया है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नकवी ने यह दोनों इन्विटेशन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेजकर परमिशन मांगी है। अब सरकार ही फैसला करेगी कि नकवी को भारत आने की मंजूरी मिलती है या नहीं।
नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के भी चेयरमैन हैं। साथ ही पाकिस्तान की शहबाज सरकार में गृहमंत्री भी हैं। ICC की इस मीटिंग में फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) और वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के अगले सीजन को लेकर चर्चा करनी है।

पहले ये मीटिंग दोहा में होनी थी
दरअसल, ICC की मुख्य कार्यकारी समिति (CEC) 21 मई को एक वर्चुअल मीटिंग करेगी। इसके बाद 30 और 31 मई को अहमदाबाद में ICC बोर्ड मीटिंग होंगी, जिसमें सभी सदस्यों को उपस्थित रहना है। यह ICC की हर साल होने वाली तिमाही मीटिंग्स का हिस्सा हैं। इसी के लिए नकवी को इन्विटेशन भेजा है।
पहले यह मीटिंग मार्च-अप्रैल 2026 के दौरान कतर की राजधानी दोहा में होनी थी। मगर पश्चिम एशिया संकट की वजह से इस मीटिंग को रीशेड्यूल कर भारत में शिफ्ट करना पड़ा।

